गौतम गंभीर को हरभजन नहीं बल्कि अश्विन की गेंदबाजी से लगता है सबसे ज्यादा डर
आर अश्विन अब भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
अद्यतन - मार्च 10, 2022 1:20 अपराह्न

भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले महानतम ऑफ स्पिनरों में से दो रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई रिकॉर्ड बनाए हैं। समान कौशल वाले दो महान गेंदबाज होने के साथ, क्रिकेट जगत में दोनों के बीच काफी तुलना भी की जाती है। दिलचस्प बात यह है कि अश्विन के आने के बाद से हरभजन सिंह को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया था।
मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए पहले टेस्ट के दौरान, अश्विन ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया, और वो टेस्ट क्रिकेट में कपिल देव को पीछे छोड़ते हुए भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए। अनिल कुंबले जहां 619 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं, वहीं पिछले साल खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले हरभजन अब 417 विकेट लेकर चौथे स्थान पर हैं।
अश्विन की गेंद का सामना नहीं करना चाहते हैं गंभीर
इस बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी गौतम गंभीर ने भी अश्विन और हरभजन के बीच तुलना की है, और उन्होंने बताया कि वो इन दोनों में से किस गेंदबाज का सामना करना पसंद करेंगे। पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि, एक बल्लेबाज के रूप में मैं अश्विन का सामना करना पसंद नहीं करूंगा लेकिन हरभजन सिंह को देखना पसंद करूंगा।
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान गंभीर ने कहा कि, “बतौर बल्लेबाज मैं अश्विन का सामना नहीं करना चाहूंगा। लेकिन हरभजन को गेंदबाजी करते हुए देखना अधिक पसंद करूंगा। बाएं हाथ का बल्लेबाज होने के नाते मैं मानता हूं कि अश्विन मुझे आउट कर सकते थे। लेकिन एक एक्सपर्ट के रूप में हरभजन के पास उछाल, उनका दूसरा है और साथ ही उन्हें गेंद को अच्छी तरह डिप कराने में महारत हासिल थी।”
गंभीर ने आगे कहा कि, “किसी भी बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए अश्विन का सामना करना मुश्किल है क्योंकि वह विविधता के साथ ज्यादा सटीकता से गेंदबाजी करते हैं। अश्विन ने महान कपिल देव के रिकॉर्ड को तोड़ा है। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के नौवें गेंदबाज बन गए हैं। अश्विन ऐसे गेंदबाज हैं जिनका सामना करना मेरे लिए भी मुश्किल होता। अश्विन की सटीकता और बेहतर ऑफ स्पिनर कराने और गति बदलने की क्षमता तारीफ के काबिल है।”