जिस तरह टीम इंडिया ने शुरूआत की थी, उसको देखते हुए उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 10-15 रन कम बनाए: निखिल चोपड़ा
भारत के लिए विराट कोहली ने 44 गेंदों में 60 रन की बेहतरीन पारी खेली।
अद्यतन - सितम्बर 5, 2022 2:07 अपराह्न

पाकिस्तान ने एशिया कप 2022 के अपने पहले सुपर चार मुकाबले में भारत को 5 विकेट से मात दी। बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने विराट कोहली के 44 गेंदों में 60 रन की बेहतरीन पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 181 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ने जबरदस्त शुरुआत की और पावरप्ले में 62 रन जोड़े। हालांकि मिडिल ओवरों में पाकिस्तान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए शानदार वापसी की।
भारत की शुरुआत को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि वो आराम से 200 का आंकड़ा छू लेगी, लेकिन भारत का मिडिल ऑर्डर इस मुकाबले में पूरी तरह से लड़खड़ा गया। हालांकि वो 180 के आंकड़े को छूने में सफल रहे लेकिन इस मुकाबले को अपने नाम नहीं कर पाए। इसी के साथ भारत के पूर्व क्रिकेटर निखिल चोपड़ा ने भी यही कहा है कि टीम ने इस मैच में 15-20 रन कम बनाए।
पाकिस्तान के स्पिनरों ने अपनी टीम को मुकाबले में वापसी दिलाई: निखिल चोपड़ा
निखिल चोपड़ा ने क्रिकट्रैकर के शो ‘रन की रननीति’ में कहा कि, ‘भारत ने जिस हिसाब से पावरप्ले में शुरुआत की थी उस हिसाब से उन्होंने अपनी पारी को खत्म नहीं किया। उन्होंने 10-15 रन कम बनाए। मेरे हिसाब से 10 ओवर के बाद उनके 93-94 रन थे और विकेट भी बचे हुए थे। लेकिन उसके बाद उनके लगातार विकेट गिरते रहे जिसकी वजह से वो आखिरी में ज्यादा रन नहीं बना पाए।’
चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘पाकिस्तान टीम के स्पिनरों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने ना ही सिर्फ भारत को मिडिल ओवरों में रन बनाने से रोका बल्कि उनके महत्वपूर्ण विकेट भी लिए। किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने विराट कोहली के साथ बड़ी साझेदारी नहीं की जिसकी वजह से भारत ने 10-15 रन कम बनाए।’
मिडिल ओवरों में तीन विकेट गिरने की वजह से भारत अपने पसंदीदा स्कोर तक नहीं पहुंच पाया: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने भी इसी शो में कहा कि, ‘भारत लगातार अंतराल में अपना विकेट गंवा रही थी, जिसकी वजह से वो अपने पसंदीदा स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। अगर शुरुआत में आपके 10 ओवर में 93 रन हो तो आप यही चाहेंगे कि आखिरी 10 ओवर में 110-120 रन बने। केएल राहुल ने भी सेट होने के बाद अपना विकेट तोहफे के रूप में दे दिया।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली के साथ पहले सूर्यकुमार यादव आउट हुए, उसके बाद हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने भी खराब बल्लेबाजी की। मुझे लगता है कि, इन तीन विकेट के जल्द गिरने की वजह से भारत बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। 181 रन भी काफी अच्छा स्कोर था इस पिच में लेकिन मेरा भी यही कहना है उन्होंने 10-15 रन कम बनाए थे।’