हार्दिक पांड्या और बेन स्टोक्स में से बेहतर ऑलराउंडर कौन है? जानिए शेन वॉटसन की राय
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ की।
अद्यतन - Oct 3, 2022 10:53 am

भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे घातक पावर हिटर हैं, और दोनों ही अकेले के दम पर अपनी-अपनी टीम को मैच जीता सकते हैं। दोनों की ऑलराउंड क्षमताओं को देखते हुए क्रिकेट दिग्गज से लेकर प्रशंसक अक्सर तुलना करते रहते हैं कि दोनों में से कौन बेहतर ऑलराउंडर है, और बड़ा मैच विजेता क्रिकेटर है।
इस बहस पर अपनी राय देते हुए शेन वॉटसन जो खुद अपने खेल के दिनों में ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन ऑलराउंडर थे ने हार्दिक पांड्या को बेन स्टोक्स से बेहतर ऑलराउंडर बताया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर ने पांड्या की तारीफ करते हुए कहा है कि वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में स्टोक्स से कहीं आगे और बेहतर ऑलराउंडर हैं।
शेन वॉटसन ने हार्दिक पांड्या को बेन स्टोक्स से बेहतर ऑलराउंडर बताया
शेन वॉटसन ने NDTV के हवाले से कहा: “हार्दिक पांड्या इस समय बिल्कुल अपनी ताकत के चरम पर हैं। उसे खेलते देखने में परम आनंद महसूस होता है। मुझे तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों को खेलते देखना पसंद है, जो मैच को पलट सकते हैं। सभी जानते हैं तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों का खेल पर क्या प्रभाव हो सकता है, वे खेल के किसी भी पड़ाव में मैच को विरोधी टीम से छीन सकते हैं, चाहे फिर वह बल्ले से हो या गेंद से।”
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर ने आगे कहा: “हार्दिक को इस समय खेलते हुए देखना वाकई अच्छा लगता है। अगर हम टी-20 क्रिकेट की बात करे, तो हार्दिक इस समय बेन स्टोक्स से काफी ऊपर हैं। हार्दिक जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, अंत में बल्लेबाजी करते हुए उनकी बहुमुखी प्रतिभा और जिस तरह से वह गेंदबाजी कर रहे हैं, वह मुझे बेन से बेहतर ऑलराउंडर नजर आ रहे हैं। फिलहाल, मेरे लिए हार्दिक स्टोक्स से बेहतर और श्रेष्ठ ऑलराउंडर हैं।”
आपको बता दें, हार्दिक और स्टोक्स दोनों को ही उनकी टीमों ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को ध्यान में रखते हुए आराम दिया है, जो 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में शुरू होने जा रहा है।