’10 सालों से सुन रहा हूं, अब फर्क नहीं पड़ता’- अपने आलोचकों को शिखर धवन का जवाब
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शिखर धवन नहीं कर पाए थे अच्छा प्रदर्शन।
अद्यतन - Jul 22, 2022 1:53 pm

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने आलोचकों के लिए एक खास संदेश भेजा है। उन्होंने कहा है कि, हर सीरीज के एक दो मैच में फेल होने के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब वो इससे परेशान नहीं होते हैं। इसके साथ धवन ने ये भी कहा कि वो अगर इन बातों को दिल से लगाते तो आज शायद यहां नहीं होते।
इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही समाप्त हुई वनडे सीरीज में शिखर धवन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। इस सीरीज के तीन मैचों में उन्होंने 31*,9 और 1 रन बनाए थे। हालांकि वनडे फॉर्मेट में उनके आंकड़े काफी कमाल के हैं। उन्होंने 50 ओवर वाले क्रिकेट में 45 से अधिक की औसत से 6000 से अधिक रन बनाए हैं।
वनडे सीरीज में कप्तानी करते हुए दिखेंगे शिखर धवन
इस बीच सीरीज की शुरूआत से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिखर धवन से कुछ तीखे सवाल पूछे गए। उनसे सवाल किया गया कि क्या लगातार आलोचना से उनके ऊपर प्रभाव पड़ता है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, मुझे कुछ भी अजीब नहीं लगता है। मैं इसे 10 सालों से सुनता आ रहा हूं। वो कहते रहते हैं, मैं खेलता रहता हूं। मुझे इससे कोई फर्क ही नहीं पड़ता है।
अगर कुछ फर्क पड़ता तो आज मैं यहां नहीं होता। सबकी अपनी-अपनी राय होती है लेकिन मुझे पता है कि मेरा काम क्या है और क्या करने की जरूरत है। मैं ऐसा कई सालों से कर रहा हूं। कुछ मैचों में फेल होने के बाद मैं ज्यादा टेंशन नहीं लेता। मैं खुद का आंकलन करता हूं और सुधार लाने की कोशिश करता हूं। मेरे लिए यही अधिक मायने रखता है।
बता दें कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया गया है और उनकी अनुपश्थिति में शिखर धवन को टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। इससे पहले शिखर धवन पिछले साल श्रीलंका दौरे पर कप्तानी करते हुए नजर आए थे।