WTC 2023 Final: गेंदबाज़ी चुनने के बाद भारतीय टीम ने अभी तक काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है: मैथ्यू हेडन
भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - जून 9, 2023 12:23 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व खिलाड़ी मैथ्यू हेडन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 में भारतीय टीम के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं है। हेडन इस बात से काफी नाराज हैं कि भारतीय टीम ने काफी अच्छा टॉस जीता था और गेंदबाजी चुनने के बाद भी उन्होंने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया टीम ने अपनी पहली पारी में पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 469 रन बनाए। टीम की ओर से स्टीव स्मिथ ने 268 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 121 रन की बहुमूल्य पारी खेली जबकि ट्रेविस हेड ने 174 गेंदों में 25 चौके और एक छक्के की मदद से 163 रन बनाए। पहले दिन की शुरुआत में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव बनाया हुआ था लेकिन स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने यह दबाव वापस भारतीय टीम के ऊपर डाल दिया।
मैथ्यू हेडन ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘राष्ट्रगान पर छाती पीटने का कोई मतलब नहीं है। आपको खेल में अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए। पहले दिन भारत की ओर से बिल्कुल भी ताकत देखने को नहीं मिली। जब ऑस्ट्रेलिया टीम दबाव बना रही थी तो भारतीय टीम उनको अपने ऊपर हावी होने दे रहे थे और उसी साझेदारी की वजह से टीम ने काफी जबरदस्त वापसी की।’
ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है: मैथ्यू हेडन
मैथ्यू हेडन ने आगे कहा कि, ‘भारतीय टीम पहले ऐसा ही करती थी। योजना के तहत खेलना और झुंड में शिकार करना। ऑस्ट्रेलिया की ओर से भी ऐसा ही देखने को मिला। अगर भारत आज अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहती है तो ऑस्ट्रेलिया लगातार छोटी गेंद फेंकती हुई नजर आएगी।’
दोनों टीमों के बीच खेल का दूसरा दिन समाप्त हो चुका है। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं। अजिंक्य रहाणे 71 गेंदों में चार चौकों की मदद से 29* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि केएस भरत ने 5* रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी भी अपनी पहली पारी में 318 रनों से पीछे हैं। खेल का तीसरा दिन दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है।