'मोईन अली, नाथन लियोन नहीं है': जस्टिन लैंगर ने एशेज 2023 से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर को लेकर किया बड़ा दावा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मोईन अली, नाथन लियोन नहीं है’: जस्टिन लैंगर ने एशेज 2023 से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर को लेकर किया बड़ा दावा

जस्टिन लैंगर ने कहा आगामी एशेज 2023 में इंग्लैंड पर भारी पड़ेंगे नाथन लियोन!

Moeen Ali, Justin Langer and Nathan Lyon. (Image Source: Getty Images)
Moeen Ali, Justin Langer and Nathan Lyon. (Image Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने इंग्लैंड में कंगारुओं के लिए एशेज 2023 जीतने के लिए अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन का समर्थन किया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस ऑस्ट्रेलिया 16 जुलाई से एजबेस्टन में शुरू हो रही बहुप्रतीक्षित 2023 एशेज सीरीज में इंग्लैंड का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हालांकि, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच काफी समय पहले से ही शब्दों का युद्ध शुरू हो चूका है, जहां हाल ही में हैरी ब्रूक ने कहा था कि वह “नाथन लियोन को अपना टारगेट बनाएंगे”, लेकिन जस्टिन लैंगर का मानना है कि इस सीरीज में ऐसा कुछ नहीं होने वाला है, क्योंकि जब विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे भारतीय दिग्गज उनके सामने नहीं टिक पाए, तो इस युवा बल्लेबाज की तो छोड़ ही दो।

इंग्लैंड पर भारी पड़ेंगे नाथन लियोन: जस्टिन लैंगर

लैंगर ने ये तक कह दिया कि इंग्लैंड के पास कोई वर्ल्ड-क्लास स्पिनर नहीं है जबकि मोईन अली एशेज 2023 के पहले दो टेस्ट के लिए टीम में शामिल किए जा चुके हैं। जस्टिन लैंगर ने द टेलीग्राफ के हवाले से कहा, “हमने सुना ‘इंग्लैंड के बल्लेबाज कह रहे हैं कि वे नाथन लियोन की धुनाई करने वाले हैं’। लेकिन, मैंने हाल ही में देखा कि रोहित शर्मा, शुभमन गिल, और विराट कोहली सभी WTC 2023 फाइनल में ऐसा नहीं कर पाए।

नाथन लियोन की धुनाई करना इतना आसान नहीं है। मुझे लगता है कि वह एशेज 2023 में सबसे बड़ा अंतर साबित हो सकते हैं। इंग्लैंड के पास वर्ल्ड-क्लास स्पिनर नहीं है, और मैं मोईन अली का कोई अपमान नहीं कर रहा हूं। वह एक अच्छा ऑफ-स्पिनर है, लेकिन वह नाथन लियोन नहीं है।

जब तक मैंने ऑस्ट्रेलिया को कोचिंग देना शुरू नहीं किया, तब तक मुझे एहसास नहीं हुआ कि नाथन लियोन कितने अच्छे गेंदबाज हैं। वह बहुत बहुत अच्छा गेंदबाज है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण गेंदबाज है। वह न केवल विकेट लेता है, बल्कि वह ढेर सारे ओवर फेंकता है और एक छोर को थामे रखता है।”

close whatsapp