अश्विन के बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन देखने के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने उनकी तारीफ में कही यह बात - क्रिकट्रैकर हिंदी

अश्विन के बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन देखने के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने उनकी तारीफ में कही यह बात

अश्विन ने अपना काम बखूबी से निभाया है और हमारे लिए वो काफी गजब के ऑलराउंडर रहे हैं: संजू सैमसन

Ravichandran Ashwin. (Photo Source: IPL/BCCI)
Ravichandran Ashwin. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में 20 मई को खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)को 5 विकेट से मात दी। जीत के हीरो रहे रविचंद्रन अश्विन जिन्होंने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स को अंकतालिका में दूसरे स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया है।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए। टीम की ओर से मोईन अली ने 57 गेंदों में 93 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। जवाब में राजस्थान ने यह मुकाबला 2 गेंदें शेष रहते जीत लिया। राजस्थान की ओर से यशस्वी जयसवाल ने 44 गेंदों में 59 रन की पारी और रविचंद्रन अश्विन ने 23 गेंदों में नाबाद 40 रन की बहुमूल्य पारी खेली। अश्विन ने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन दिखाया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 28 रन दिए और 1 विकेट भी अपने नाम किया।

जहां एक तरफ जॉस बटलर, संजू सैमसन और शिमरोन हेटमायर बड़ा स्कोर बनाने में असफल रहे वहीं दूसरी ओर इन दोनों खिलाड़ियों ने राजस्थान को अपनी बल्लेबाजी के दम पर मुकाबला जिता दिया।

रविचंद्रन अश्विन ने बखूबी से अपना काम किया: संजू सैमसन

अश्विन चेन्नई के खिलाफ नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने आए थे। इससे पहले उन्होंने दिल्ली के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक भी जड़ा था। लगातार उनके बल्लेबाजी क्रम में बदलाव देखने को मिले हैं और इस बदलाव से टीम को काफी को काफी सफलता मिल रही है। इसी के साथ चेन्नई के खिलाफ खेली गई पारी के बाद टीम के कप्तान संजू सैमसन ने अश्विन की खूब तारीफ की।

उन्होंने कहा कि, ‘अश्विन ने अपना काम बखूबी से निभाया है और हमारे लिए वो काफी गजब के ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने सीजन से पहले नेट्स में काफी बल्लेबाजी की है। इसी जीत के साथ राजस्थान अब अंकतालिका में टॉप दो पर आ चुकी हैं। इस पर संजू ने कहा कि, हम लोगों ने लीग मुकाबलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हर मुकाबले में हमारी टीम को एक नया हीरो मिला है।

बता दें, राजस्थान का अगला मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) से क्वालीफायर-1 में होगा। यह मुकाबला 24 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। इस मुकाबले में जो जीतेगा वो सीधा फाइनल में प्रवेश करेगा। वहीं हारने वाली टीम का मुकाबला एलिमिनेटर की जीतने वाली टीम से होगा।

close whatsapp