चौथे टेस्ट की प्लेइंग XI में भी होगा केएस भरत का नाम, मुख्य कोच ने किया बड़ा खुलासा
अभी तक इस टेस्ट सीरीज में कुल 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें केएस भरत ने मात्र 57 रन बनाए हैं।
अद्यतन - Mar 8, 2023 11:38 am

भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत भले ही इस समय खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में अच्छी बल्लेबाजी ना कर पा रहे हो लेकिन इसके बावजूद टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने उनका साथ दिया है। बता दें, अभी तक इस टेस्ट सीरीज में कुल 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें केएस भरत ने मात्र 57 रन बनाए हैं।
चौथा टेस्ट मुकाबला 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हो रहा है और तमाम भारतीय फैंस यही चाहेंगे कि उनकी टीम इस मैच में जीत दर्ज करे। अभी तक इस टेस्ट सीरीज में भारत 2-1 से आगे है।
राहुल द्रविड़ की मानें तो टीम मैनेजमेंट इस समय भरत की बल्लेबाजी को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं है क्योंकि वो विकेटकीपिंग अच्छी कर रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि चौथे टेस्ट में विकेटकीपर-बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘हम लोग इस चीज को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं है कि भरत अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं। हमको यह समझना चाहिए कि परिस्थिति इस सीरीज में काफी चुनौती वाली रही है। भले ही भरत ने अच्छी बल्लेबाजी ना की हो लेकिन उन्होंने पहली पारी में 17 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
केएस भरत काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं: राहुल द्रविड़
राहुल द्रविड़ ने आगे कहा कि, ‘दिल्ली में भरत ने काफी सकारात्मक तरीके से खेला। ऐसी परिस्थितियों में आपको थोड़ी किस्मत की जरूरत होती है और इस समय उनके साथ में ऐसा नहीं हो रहा है। लेकिन धीरे-धीरे वो इसमें ढल रहे हैं जो काफी अच्छी बात है।’
इंदौर की पिच को लेकर भी भारतीय मुख्य कोच ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि, ‘हमें उसमें ज्यादा नहीं जाना चाहिए क्योंकि मैच रेफरी पिच को ध्यान से समझ रहे थे। अब जब WTC के अंक बहुत ही जरूरी है तो आपको ऐसे विकेट पर खेलना चाहिए जिसपर रिजल्ट निकले। पिछले मुकाबले में पहली पारी में 109 रन काफी कम थे। अगर हमने 60 से 70 रन और बनाए होते तो शायद चीजें काफी अलग होती। चौथे टेस्ट की अहमदाबाद पर काफी अच्छी लग रही है। कुछ भी हो हमें उस पिच पर खेलना सीखना होगा।’