जेम्स एंडरसन का समर्थन करते हुए क्रिस वोक्स ने दिया बड़ा बयान
शुरुआती दो टेस्ट मुकाबलों में जेम्स एंडरसन ने मात्र 3 विकेट ही अपने नाम किए थे।
अद्यतन - जुलाई 14, 2023 7:49 अपराह्न

इस समय इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज 2023 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज में इंग्लैंड के अनुभवी गेंदबाज जेम्स एंडरसन का प्रदर्शन अभी तक इतना अच्छा नहीं रहा है। उनके इसी खराब प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड अभी तक 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से पीछे हैं।
हालांकि टीम के बेहतरीन ऑलराउंडर क्रिस वोक्स का मानना है कि जेम्स एंडरसन अभी भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और अपने आलोचकों की बोलती बंद कर सकते हैं। बता दें, शुरुआती दो टेस्ट मुकाबलों में जेम्स एंडरसन ने मात्र 3 विकेट ही अपने नाम किए थे। तीसरे मुकाबले में उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कर दिया गया था।
मिरर स्पोर्ट्स से बात करते हुए क्रिस वोक्स ने जेम्स एंडरसन को लेकर कहा कि, ‘हम लोग खुश किस्मत हैं कि जेम्स एंडरसन हमारे लिए इतने लंबे समय तक खेले हैं और किसको क्या पता कि अभी वो और कितने समय तक इंग्लैंड के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं। मुझे लगता है कि जेम्स एंडरसन अभी भी जबरदस्त प्रदर्शन करने में सक्षम है और वो अपने आलोचकों की बोलती बंद जरूर करेंगे।’
क्रिस वोक्स ने आगे कहा कि, ‘एंडरसन ने 700 से ज्यादा टेस्ट विकेट अपने नाम किए हैं लेकिन जब भी उनका समय आएगा वो संन्यास ले लेंगे। मैं इसको लेकर कोई भी भविष्यवाणी नहीं कर रहा हूं कि यह उनका आखिरी मुकाबला यह आखिरी सीरीज होगी लेकिन हम सब अपने आप को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्होंने 20 सालों से ज्यादा समय तक इंग्लैंड के लिए अच्छी गेंदबाजी की है।’
जेम्स एंडरसन की बात ही अलग है: क्रिस वोक्स
शानदार ऑलराउंडर ने आगे कहा कि, ‘मेरी किताब में एंडरसन सिर्फ इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज नहीं है लेकिन एक ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिनको टेस्ट क्रिकेट में देखना सराहनीय है। तमाम दर्शकों ने टीवी पर देखते हैं और उनकी तकनीक को देखकर सभी लोग हैरान रह जाते हैं। जब स्लो मोशन में हम यह देखते हैं कि गेंद उनके हाथ से कैसे निकल रही है तब हम सब ड्रेसिंग रूम में इसको देखकर उत्साहित हो जाते हैं। वो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं और उनको देखकर हम सब काफी खुश होते हैं।’
अब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मुकाबला 19 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रफॉर्ड में शुरू हो रहा है। इंग्लैंड इस मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी करने को देखेगी।