‘उसे घरेलू क्रिकेट में जाना चाहिए और अपनी लय वापस हासिल करनी चाहिए’- अर्शदीप सिंह पर भड़के गौतम गंभीर
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में अर्शदीप सिंह ने दो ओवर में 37 रन देने के साथ पांच नो बाॅल फेंकी थी।
अद्यतन - Jan 6, 2023 1:50 pm

भारत को कल 5 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ एमसीए पुणे में हुए दूसरे टी-20 मैच में 16 रनों से हार मिली है। तो वहीं इस मैच को जीतकर मेहमान टीम श्रीलंका ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
पहले मैच में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत को 207 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य देने के बाद श्रीलंका ने भारत की बल्लेबाजी के दौरान शुरू से ही लगातार झटके देना चालू किया और भारत निर्धारित 20 ओवर में 190 रन ही बना पाया।
तो मैच में अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव अपनी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा में रहे तो वहीं युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी गेंदबाजी को लेकर फैंस के निशाने पर रहे थे। बता दें कि अर्शदीप सिंह ने अपने दो ओवर में 37 रन लुटाए और पांच नो बाॅल भी फेंकी।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ युवा गेंदबाज का बचाव करते हुए नजर आए। वहीं अर्शदीप के इस प्रदर्शन पर पूर्व विश्व कप विजेता खिलाड़ी गौतम गंभीर ने उन्हें अहम सलाह देते हुए कहा है कि उसे पहले घरेलू क्रिकेट में अपनी लय हासिल करनी चाहिए।
गंभीर ने अर्शदीप सिंह की लगाई क्लास
बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी-20 मैच खत्म होने के बाद स्टार स्पोर्ट्स के पोस्ट मैच शो में गौतम गंभीर ने अर्शदीप सिंह को लेकर कहा, अगर आप चोट के बाद वापसी कर रहे हैं तो आपको अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलना चाहिए। आपको घरेलू क्रिकेट में जाना चाहिए और अपनी लय वापस लेनी चाहिए क्योंकि नो बॉल कतई मंजूर नहीं हैं।
गंभीर ने आगे कहा, जो भी खिलाड़ी चोटिल होता है, वह खेल से लंबे समय तक बाहर रहता है। इसके बाद उसे घरेलू क्रिकेट में 15 से 20 ओवर फेंकने के बाद वापस आना होता है। लेकिन अर्शदीप सिंह के साथ ऐसा नहीं हुआ और वह मैदान पर अपनी लय ढूंढ़ने के लिए परेशान दिख रहा था।