शेन वॉटसन ने 1999 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अजीत अगरकर से जुड़े एक किस्से का किया खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

शेन वॉटसन ने 1999 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अजीत अगरकर से जुड़े एक किस्से का किया खुलासा

शेन वॉटसन ने एक कोच के रूप में अजीत अगरकर की जमकर तारीफ की।

Shane Watson and Ajit Agarkar (Photo Source: Twitter)
Shane Watson and Ajit Agarkar (Photo Source: Twitter)

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर इस समय जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में दिल्ली कैपिटल (DC) के सहायक कोच के रूप में काम कर रहे हैं। हाल ही में, शेन वॉटसन ने भारत के 1999 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अजीत अगरकर से जुड़े किस्से का खुलासा किया।

आपको बता दें, भारत के 1999 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अजीत अगरकर टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक थे। उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 11 विकेट झटके थे। इस बीच, शेन वॉटसन ने खुलासा किया कि अजीत अगरकर शॉर्ट-पिच गेंदों के साथ स्टीव वॉ पर हमला कर रहे थे, जिससे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बेहद नाराज हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा पूर्व भारतीय गेंदबाज बहुत अच्छे इंसान हैं।

शेन वॉटसन ने एक कोच के रूप में अजीत अगरकर की तारीफ की

शेन वॉटसन ने दिल्ली कैपिटल्स के पॉडकास्ट पर कहा: “अजीत अगरकर कमाल के व्यक्ति हैं। मैंने उनके खिलाफ ज्यादा तो नहीं, लेकिन उनके करियर के अंतिम पड़ाव में थोड़ा बहुत क्रिकेट खेला है। भारत के 1999 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान जवागल श्रीनाथ ने अच्छी गति से गेंदबाजी की थी।

लेकिन अजीत अगरकर ने उनसे भी तेज गति से गेंदबाजी की और सभी को चौंका दिया। उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से सभी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बहुत परेशान किया था। मुझे याद है वह स्टीव वॉ को आउट करने की कोशिश कर रहे थे और हमारे कप्तान उनकी इस कोशिश से बिल्कुल भी खुश नहीं थे।”

शेन वॉटसन ने आगे कहा: “वह बहुत अच्छे इंसान और मिलनसार व्यक्ति है। उन्हें लोगो के साथ जुड़ना बखूबी आता है। एक क्रिकेटर के रूप में उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए उन्हें दिल्ली टीम में काफी सम्मान मिलता है। लेकिन, अगर हम किसी साधारण व्यक्ति के रूप में अजीत को देखें तो वह बहुत ही अच्छे इंसान है, वह अपने आस-पास के लोगों की परवाह करते हैं। उनके पास लोगों की मदद करने की शानदार क्षमता है।”

close whatsapp