श्रेयंका पाटिल ने विराट के साथ अपनी पुरानी याद को किया साझा, कहा- वह मेरे लिए क्रिकेट के भगवान हैं
विराट कोहली के साथ एक तस्वीर लेना ही अपने आप में एक बड़ी बात है।
अद्यतन - मार्च 11, 2023 4:48 अपराह्न
![]()
महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर भले ही सबसे निचले पायदान पर हैं। लेकिन इस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो सुर्खियों में बने हुए हैं। इनमें से एक हैं बैंगलोर टीम की ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल, जो WPL में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। RCB की 20 साल की इस खिलाड़ी ने अभी तक इस लीग में 2 मैच खेले हैं, वहां उन्होंने कुल 2 विकेट लिए और 34 रन बनाए।
बता दें वहीं हाल ही में श्रेयंका पाटिल ने भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ अपनी पुरानी याद को साझा किया है। आरसीबी बोल्ड डायरीज में उन्होंने कहा कि, जब वो 8-9 साल की थी, तब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। इस दौरान मुझे एक बार विराट कोहली से मिलने का और उनके साथ फोटो क्लिक कराने का मौका मिला, तब मुझे यकीन नहीं हुआ था कि मैंने उनके साथ फोटो ली है।
विराट कोहली से मिलन और उनके साथ फोटो लेना बड़ी बात है -श्रेयंका पाटिल
श्रेयंका पाटिल ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, उन्होंने (विराट कोहली) फोन लिया और मेरे साथ एक तस्वीर क्लिक की। मैं स्कूल गई और मुझे लगा कि, विराट कोहली ने मुझे छुआ। उनसे मिलना और तस्वीर लेना वाकई बहुत अच्छा था। हालांकि मैं उनसे मिली जरूर पर बात नहीं कर पाई। लेकिन उनके साथ एक तस्वीर लेना ही अपने आप में एक बड़ी बात है।
उन्होंने आगे कहा कि, मैंने उस फोटो को फ्रेम करवा लिया हैं और इसके बाद यह तय किया कि. जब कोहली से वापस से मुलाकात होगी तो फ्रेम पर उनका ऑटोग्राफ जरूर लूंगी। भारतीय ऑलराउंडर ने आगे कहा कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की अभ्यास सत्र के दौरान विराट कोहली की बल्लेबाजी देखकर दंग रह जाती थी।
श्रेयंका पाटिल ने आगे कहा कि, मैं यह कहती थी कि ठीक है, अगर मैं उनसे नहीं मिल सकती तो मुझे कम से कम उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखने का तो मौका जरूर मिला। उनकी बॉडी लैंग्वेज, उसका स्वभाव वाकई अद्भुत है। विराट कोहली मेरे लिए क्रिकेट के भगवान की तरह हैं। मैंने उनकी वजह से ही क्रिकेट देखना शुरू किया था और आरसीबी में शामिल होने के बाद मैं खुशी से उछलने लगी थी।