हरभजन सिंह ने बताया विराट कोहली और शुभमन गिल के बैटिंग स्टाइल के बीच का अंतर, कहा- दोनों का अपना व्यक्तित्व है
हरभजन सिंह ने कहा कि विराट कोहली और शुभमन गिल का अपना-अपना व्यक्तित्व है।
अद्यतन - मई 22, 2023 9:25 अपराह्न

आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाड़ी विराट कोहली और गुजरात टाइटंस के प्लेयर शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है।। बता दें कि दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
दरअसल, कई बार शुभमन गिल की तुलना विराट कोहली से की गई है। फैंस का ऐसा मानना है कि विराट कोहली के बाद शुभमन गिल आने वाले समय में टीम इंडिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित होंगे और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान भी बन सकते हैं।
शुभमन की बॉडी लैंग्वेज कोहली की तरह आक्रामक नहीं है- हरभजन सिंह
हालांकि, वहीं GT vs RCB मैच के बाद टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने शुभमन गिल और विराट कोहली की बैटिंग स्टाइल के बारे में बात की और कहा कि दोनों का अपना-अपना व्यक्तित्व है। दोनों की बैटिंग स्टाइल भी एक दूसरे से थोड़ी अलग है।
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान हरभजन सिंह ने कहा कि, शुभमन ने बहुत अच्छी पारी खेली। उनका अपना व्यक्तित्व है। वह कोहली के जैसे ही हर तरह का शॉट्स खेल सकते हैं, लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज कोहली की तरह आक्रामक नहीं है। वह एक अलग किरदार हैं। वह टीम इंडिया के लिए संभावित टैलेंट हैं।
इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि, आपने विराट कोहली को कभी भी जोखिम भरे शॉट्स खेलते हुए नहीं देखा होगा। उनके पास कई बेहतरीन क्रिकेटिंग शॉट्स है। इसलिए ही वह एक बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। कोहली एक शानदार बल्लेबाज हैं और बेहतर टेक्निक के कारण वह टेस्ट, टी-20 या टी-10 किसी भी फॉर्मेट में खेल सकते हैं।
भारत के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने भी विराट कोहली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि, विराट का यह शतक पहले वाले से खास था क्योंकि गुजरात टाइटंस का बॉलिंग अटैक सनराइजर्स हैदराबाद से कहीं ज्यादा बेहतर था। कोहली ने दवाब वाले मैच में अकेले ही अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।