क्या इयोन मोर्गन की पिछली उपलब्धियां उन्हें इंग्लैंड टीम से बाहर होने से बचा रही हैं?
डोमिनिक कॉर्क ने कहा इयोन मोर्गन का फॉर्म इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय है।
अद्यतन - Jun 21, 2022 6:15 pm

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डोमिनिक कॉर्क ने खराब फॉर्म के बावजूद इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान इयोन मोर्गन का समर्थन करने और उन्हें लगातार टीम में मौका देने के टीम प्रबंधन के फैसले की प्रशंसा की है।
आपको बता दें, बाएं-हाथ के बल्लेबाज पिछले दो वर्षों से सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्ले के साथ संघर्ष कर रहे हैं, और नीदरलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में वह लगातार दो बार बिना खाता खोले पवेलिया लौटे, जिसके चलते इंग्लैंड क्रिकेट टीम में उनकी जगह सवालों के घेरे में आ गई है।
इयोन मोर्गन को उनकी पिछली उपलब्धियां बचा रही हैं: डोमिनिक कॉर्क
इंग्लैंड के 2019 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान ने आखिरी बार साल 2020 में वनडे क्रिकेट में शतक लगाया था, जबकि उनका खराब फॉर्म टी-20 क्रिकेट में भी जारी है। उन्हें खराब फॉर्म के चलते आईपीएल 2022 में मौका नहीं मिल पाया, लेकिन फिलहाल इंग्लैंड ने उनका साथ नहीं छोड़ा है।
डोमिनिक कॉर्क ने स्वीकार किया कि इयोन मोर्गन का फॉर्म इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय है, लेकिन एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में उनकी अभूतपूर्व उपलब्धियों के कारण उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है की वह आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक अपने फॉर्म में लौट आएंगे।
डोमिनिक कॉर्क ने स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: “इयोन मोर्गन का यूं लंबे समय से बल्ले के साथ संघर्ष करना निश्चित रूप से कप्तान और इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय है। लेकिन मुझे लगता है कि मोर्गन ने बतौर कप्तान और एक बल्लेबाज के रूप में इंग्लैंड क्रिकेट के लिए अब तक जो कुछ भी किया है, उसके लिए उनके पास कई लोगो का सपोर्ट है, और इसी कारण उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। मुझे लगता है कि इयोन मोर्गन को बल्ले के साथ लय में वापस आने के लिए केवल एक शानदार पारी की जरुरत है। हम केवल प्रतीक्षा कर सकते है कि उन्होंने छह या आठ महीनो के बाद कुछ सुधार किया है या नहीं।”