SA v IND: “मैं अर्शदीप सिंह का बहुत बड़ा फैन हूं लेकिन….”- पूर्व क्रिकेटर ने अब गेंदबाज के प्रदर्शन को लेकर उठाए सवाल
पिछले कुछ समय से T20I क्रिकेट में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन रहा है निराशाजनक।
अद्यतन - Dec 13, 2023 3:10 pm

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस बात पर प्रकाश डाला है कि अर्शदीप सिंह आईपीएल 2023 के बाद से T20I क्रिकेट में अपना छाप नहीं छोड़ पाए हैं।
भारत ने मंगलवार, 12 दिसंबर को गकेबरहा में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बारिश से बाधित दूसरे टी20 मैच में 19.3 ओवर में 180/7 रन बनाए। वहीं जब गेंदबाजी की बारी आई तो अर्शदीप को कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने दो ओवर में 31 रन दिए, जिससे मेजबान टीम ने 15 ओवर में 132 रनों के लक्ष्य को सात विकेट रहते हुए हासिल कर लिया।
अर्शदीप सिंह को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में इस मैच का रिव्यू करते हुए, चोपड़ा ने अर्शदीप के हालिया T20I प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि, “मैं इस मैच से एक और चीज के बारे में बात करना चाहता था, वह हैं अर्शदीप सिंह। क्या वह बहुत महंगा साबित हो रहा है? अगर आप पिछली सीरीज भी देखें, तो उसने चार मैच खेले, हर मैच में अपने चार ओवरों में 40 से अधिक रन दिए और कुल चार विकेट लिए।”
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा कि, “मैं मानता हूं कि आप (पारी के शुरू और अंत) कठिन ओवरों में गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन अन्य लोग भी गेंदबाजी कर रहे हैं। हर कोई हमेशा इतना महंगा साबित नहीं होता है। मैं अर्शदीप सिंह का बहुत बड़ा फैन हूं और मैं उसे काफी सुधार करते हुए देख रहा हूं। लेकिन पिछले आईपीएल के बाद से उनका प्रदर्शन खराब हो गया है।”
आपको बता दें कि, अर्शदीप ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेले गए चार टी20 मैचों में 10.68 की इकॉनमी रेट से चार विकेट लिए। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में मैच जीतने वाले अंतिम ओवर के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ गया था, लेकिन मंगलवार के मैच में एक बार फिर से उनका कॉन्फिडेंस नीचे चला गया।