‘उम्मीद है मैं उनके साथ कुछ यादगार पल…’- RR टीम में इस खिलाड़ी से मिलने के लिए उत्साहित हैं जो रूट
आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स पहला मुकाबला 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 30, 2023 6:36 अपराह्न

आईपीएल 2022 का पिछला सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार रहा था। साल 2008 के बाद टीम ने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया था। लेकिन टीम को फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन भी राजस्थान रॉयल्स अपने उसी शानदार खेल को बरकरार रखना चाहेगी।
आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 2 अप्रैल को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। आईपीएल मिनी ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने जो रूट, जेसन होल्डर और एडम जम्पा जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है।
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को राजस्थान रॉयल्स ने मिनी ऑक्शन में 1 करोड़ रूपए में खरीदा था। अपना पहला आईपीएल खेलने के लिए जो रूट काफी ज्यादा उत्साहित हैं। लेकिन जो रूट उससे ज्यादा भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने के लिए बेताब दिख रहे हैं।
रविचंद्रन अश्विन एक मैच विनर खिलाड़ी है- जो रूट
रविचंद्रन अश्विन राजस्थान रॉयल्स के लिए पिछले सीजन गेंद और बल्ले दोनों से शानदार खेल दिखाते हुए नजर आए। आईपीएल शुरू होने से पहले जो रूट ने रविचंद्रन अश्विन को मैच विनर बताते हुए बड़ा बयान दिया है।
जो रूट ने PTI पर बात करते हुए कहा, ‘रविचंद्रन अश्विन वह अगले नाम है जिसके लिए मैं बहुत ज्यादा उत्साहित हूं। वह एक मैच विनर है। इन लोगों के साथ काम करने का मौका मिलना बहुत अच्छा है। उनसे चीजों के बारे में जानने, सीखने और उम्मीद है कि उनके साथ कुछ यादगार पल भी बीता पाऊंगा।’
इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज रियान पराग की भी तारीफ करते हुए नजर आए। जो रूट ने आगे बात करते हुए कहा, ‘रियान पराग ने पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए कम उम्र में कुछ महत्वपूर्ण पारियां खेली थी। लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर वह काफी ज्यादा मैच्योर हुए हैं। मैं इन लोगों को देखने और इनसे सीखने के लिए उत्सुक हूं और देखता हूं कि वे अभ्यास के बारे में कैसे जाते हैं। और खेल के बारे में क्या सोचते हैं।’