शिखर धवन ने कोविड-19 के चपेट में आने के बाद अपनी तबियत पर दी अपडेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

शिखर धवन ने कोविड-19 के चपेट में आने के बाद अपनी तबियत पर दी अपडेट

शिखर धवन के अलावा, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, नवदीप सैनी, फील्डिंग कोच टी. दिलीप, अधिकारी बी. लोकेश और थेरपिस्ट राजीव कुमार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

Shikhar Dhawan (Images Source: Instagram)
Shikhar Dhawan (Images Source: Instagram)

भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका उस समय लगा जब कथित तौर पर टीम इंडिया के 7 सदस्य कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।

अहमदाबाद पहुंचते ही भारतीय टीम में कोरोना बम फूटने के बाद कई खिलाड़ियों को आइसोलेट होना पड़ा है। जिसमें कोरोना संक्रमित शिखर धवन भी शामिल हैं। आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम में इस वक्त कई खिलाड़ी अपनी जगह के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस लिस्ट में शिखर धवन भी शामिल हैं, लेकिन वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले ही कोरोना वायरस ने उन्हें बड़ा झटका दे दिया है।

भारतीय सलामी बल्लेबाज के कोरोना की चपेट में आने के बाद वह और बाकि संक्रमित सदस्य बीसीसीआई की स्वास्थ्य टीम की देखरेख में आइसोलेशन में समय बिता रहे हैं। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में मयंक अग्रवाल को शामिल किया गया है, क्योंकि शिखर धवन का पहले वनडे मुकाबले में खेलना मुश्किल लग रहा है।

शिखर धवन कोरोना की चपेट में आने के बाद अपनी तबियत पर दी अपडेट

हालांकि, 36 वर्षीय अनुभवी क्रिकेटर ने 3 फरवरी को अपने स्वास्थ्य की जानकारी प्रशंसकों से साझा की है। शिखर धवन ने ट्विटर पर अपनी फोटो साझा की और अपने फैंस और चाहने वालों को उनके स्वास्थ्य के लिए कामना करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा वह अभी अच्छा महसूस कर रहे हैं और कोविड-19 से उनकी रिकवरी अच्छे से हो रही हैं।

अपनी तबीयत की जानकारी देते हुए शिखर धवन ने ट्विटर पर लिखा, “आप सभी का शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और आप सभी द्वारा दिखाए गए ढेर सारे प्यार के लिए विनम्र महसूस कर रहा हूं।

शिखर धवन की इस पोस्ट पर फैंस लगातार कमेंट के दौरा प्यार दिखा रहे हैं और सलामी बल्लेबाज के जल्द ठीक होने की कामना भी कर रहे हैं। आपको बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 फरवरी को अहमदाबाद में पहला मुकाबला खेला जाना है और इस सीरीज के सभी मुकाबले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

close whatsapp