‘खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे होंगे’- सरफराज खान को जगह नहीं मिलने पर बोले पूर्व भारतीय क्रिकेटर
उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की और सरफराज को भारतीय टीम में जरूर होना चाहिए था: आकाश चोपड़ा
अद्यतन - Jan 14, 2023 8:39 pm

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सरफराज खान के भारतीय टेस्ट टीम में जगह ना मिलने को लेकर अपनी बात सामने रखी है। बता दें, 13 जनवरी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए भारतीय दल की घोषणा की है। इस टीम में सूर्यकुमार यादव और इशान किशन को शामिल किया गया है जबकि भारतीय घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे सरफराज खान को चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया।
अब इसी को लेकर आकाश चोपड़ा ने अपना पक्ष रखा है। चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में एक वीडियो को साझा करते हुए कहा कि सरफराज खान ने चयनकर्ताओं को खुश करने के लिए तो वो सभी काम किए जो एक क्रिकेटर को करनी चाहिए। उन्होंने भारतीय घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार बल्लेबाजी की लेकिन उसके बावजूद उन्हें भारतीय दल में शामिल नहीं किया गया।
सरफराज खान को मौका जरूर मिलना चाहिए था: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘सरफराज का नाम अभी भी वहां पर नहीं है। उन्हें ऐसा लगा होगा कि उनके साथ धोखा हुआ है क्योंकि सरफराज का नाम वहां जरूर होना चाहिए था। बुमराह भी अभी नहीं आए हैं। एक और खबर है लेकिन मैं सबसे ज्यादा चिंतित सरफराज को लेकर हूं कि वो वहां नहीं हैं।
उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की और सरफराज को भारतीय टीम में जरूर होना चाहिए था। मैं इसलिए भी नाराज हूं क्योंकि आप सूर्यकुमार यादव और सरफराज को एक साथ प्लेइंग XI में शामिल नहीं कर सकते। मेरे हिसाब से सरफराज ज्यादा बेहतर विकल्प है। अगर उनका घरेलू सत्र अच्छा गया हो तो आपको उनको तोहफा जरूर देना चाहिए।’
चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘अब आपने सूर्या को चुना है तो इसका मतलब है एक जगह पूरी तरह से खुल चुकी है। मेरे हिसाब से सरफराज को मौका मिलना चाहिए था क्योंकि उनका फर्स्ट क्लास का औसत 80 है। उनके अलावा सिर्फ ब्रैडमैन का औसत 80 या उससे ज्यादा है जितने मुकाबले सरफराज ने खेले हैं।’