CSK फैंस के लिए खुशखबरी, चोटिल होने के बावजूद बेन स्टोक्स IPL में लेंगे हिस्सा
IPL 2023 में बेन स्टोक्स चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।
अद्यतन - Mar 1, 2023 11:18 am

वेलिंग्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 1 रन से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। कई लोगों ने इस रोमांचक मुकाबले का लुफ्त उठाया। यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर अंत हुई। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के खत्म होने के बाद इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने इस बात की पुष्टि की कि वो आगामी IPL 2023 के लिए उपलब्ध रहेंगे। बता दें, दूसरे टेस्ट की चौथी पारी में इंग्लिश कप्तान के घुटने में चोट लग गई थी।
जो रूट के साथ जब स्टोक्स बल्लेबाजी कर रहे थे तब उन्हें विकेट के बीच में लड़खड़ाते हुए देखा गया। बता दें, IPL 2023 में बेन स्टोक्स चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि CSK के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग से उन्होंने बातचीत की है और उन्हें इस चोट के बारे में काफी अच्छी तरह से पता है।
बेन स्टोक्स ने दूसरे टेस्ट के बाद कहा कि, ‘मैं इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने जा रहा हूं। मैंने स्टीफन फ्लेमिंग से बात की है और उन्हें मेरी चोट के बारे में पता है। उन्होंने मुझसे कहा है कि अपने शरीर का ध्यान रखें।’
🗣️ Ben Stokes : 'I'm going to IPL'#WhistlePodu | #IPL2023 pic.twitter.com/FEPsmgBXvN
— CSK Fans Army™ (@CSKFansArmy) February 28, 2023
मुझे बिल्कुल भी नहीं अच्छा लग रहा है कि मैं चोट की वजह से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा हूं: बेन स्टोक्स
अपनी चोट को लेकर बेन स्टोक्स ने खुलासा किया कि उन्हें बिल्कुल भी अच्छा नहीं लग रहा है कि घुटने की चोट की वजह से वो अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने पूरी पारी में सिर्फ 2 ओवर फेंके और बल्लेबाजी के दौरान भी उन्हें काफी परेशान होते हुए देखा गया।
इंग्लिश कप्तान ने आगे कहा कि, ‘मैं झूठ नहीं बोलूंगा, लेकिन जब आप चोट की वजह से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं तब आपको काफी गुस्सा आता है। फिजियो के साथ मैं काफी कड़ी मेहनत कर रहा हूं और चाह रहा हूं कि जल्द से जल्द पूरी तरीके से ठीक हो पाऊं।’