'जहां तक मेरी बात है तो मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं' वर्ल्ड कप से पहले कप्तान मिताली राज का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘जहां तक मेरी बात है तो मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं’ वर्ल्ड कप से पहले कप्तान मिताली राज का बड़ा बयान

मिताली राज ने युवा खिलाड़ियों को भी दी कुछ अहम सलाह।

Mithali Raj
Mithali Raj. (Photo by Ryan Pierse/Getty Images)

2022 आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप भारतीय कप्तान मिताली राज के लिए छठा वर्ल्ड कप होगा। महिला विश्व कप चार मार्च से शुरू होगा, जिसका फाइनल मैच तीन अप्रैल को खेला जाएगा। भारत टूर्नामेंट का अपना पहला मैच चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ छह मार्च को खेलेगा।  39 वर्षीय बल्लेबाज ने 225 एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और 51.85 की औसत से 7,600 से अधिक रन बनाए हैं।

राज ने श्रीलंका के खिलाफ 125 रन के उच्चतम स्कोर के साथ 62 अर्द्धशतक और सात शतक भी बनाए हैं। विश्व कप में अपने खेलने के अनुभव के साथ, भारतीय कप्तान उन खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रही है जो टूर्नामेंट में पदार्पण करने के लिए तैयार हैं। हालांकि टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई एकदिवसीय सीरीज में 1-4 के अंतर से हार गई थी।

इस सीरीज में खेले गए अधिकतर मुकाबले बेहद करीबी थे लेकिन भारतीय खिलाड़ी इस सीरीज में कुछ मिले हुए मौकों को भुना नहीं सके। हालांकि, कप्तान मिताली राज एकदिवसीय सीरीज में 78.33 की औसत से पांच पारियों में 235 रन बनाने वाली दूसरी सबसे बड़ी रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं। मिताली राज आगामी टूर्नामेंट में अपने अच्छे फॉर्म को जारी रखना चाहेगी और भारत अपना पहला महिला क्रिकेट विश्व कप जीतना चाहेगा।

वर्ल्ड कप से पहले मिताली राज का बड़ा बयान

टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से मिताली राज ने कहा कि, “पिछले साल से हमने टीम में कुछ युवा प्रतिभाओं को आजमाया है, और उनमें से अधिकांश ने दिखाया है कि उनके पास इस स्तर पर खेलने की क्षमता है, जैसे ऋचा घोष, शैफाली वर्मा, हमारे पास मेघना सिंह हैं। तेज गेंदबाजी में, पूजा वस्त्राकर।

इन सभी को काफी मैच खेलने को मिले हैं और इन सीरीज से कप्तान के रूप में मुझे काफी मदद मिली कि वो खिलाड़ी टीम के संयोजन में कहां फिट बैठते हैं।” वहीं उन्होंने अपने फॉर्म को लेकर कहा कि, “जहां तक मेरी बात है तो मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं और मैं विश्व कप में इस फॉर्म को जारी रखना चाहती हूं।”

वर्ल्ड कप टूर्नामेंट को लेकर उन्होंने कहा कि, “इन टूर्नामेंट में मोमेंटम काफी ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। यह एक लंबा टूर्नामेंट होगा और ऐसे में यह देखना होगा कि हमारी टीम कब पिक पर आती है। द्विपक्षीय सीरीज का अनुभव अलग रहता है वहीं वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव पूरी तरह से अलग होता है।”

close whatsapp