इंग्लैंड घर में खेल रही इसलिए मुकाबले जीत रही, घर से बाहर उनका असली इम्तिहान होगा: स्टीव स्मिथ
इंग्लैंड के खिलाड़ियों को इस समय अपने घर में खेलने की आदत हो चुकी है इसलिए ब्रैंडन मैकुलम की यह तकनीक उनके लिए कारगर साबित हो रही है: स्टीव स्मिथ
अद्यतन - Jul 7, 2022 1:48 pm

ऑस्ट्रेलियाई टीम के धाकड़ बल्लेबाज और पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की रणनीति ‘बैजबॉल’ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बता दें, जबसे मैकुलम ने इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच का पद संभाला है तबसे टीम का प्रदर्शन टेस्ट फॉर्मेट में काफी बेहतरीन हो गया है।
उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज की थी। यही नहीं भारत के खिलाफ खेले जा चुके आखिरी पुनर्निधारित टेस्ट मुकाबले को भी इंग्लैंड ने अपने नाम किया था। ब्रैंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स की जोड़ी इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में काफी मददगार साबित हो रही है।
इंग्लैंड ने अपने घर में ही जीत दर्ज की है: स्टीव स्मिथ
स्टीव स्मिथ का मानना है ‘बैजबॉल’ तब काम नहीं आएगा जब वो एक बार अपने घर से बाहर निकलकर मुकाबले खेलेंगे। उन्होंने कहा कि, ‘इंग्लैंड के खिलाड़ियों को इस समय अपने घर में खेलने की आदत हो चुकी है। इसलिए ब्रैंडन मैकुलम की यह तकनीक उनके लिए कारगर साबित हो रही है। लेकिन जब वो दूसरी जगह जाकर मुकाबले खेलेंगे जहां उनको काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा तब यह तकनीक किसी काम की नहीं होगी।
स्टीव स्मिथ ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले से पहले कहा कि, ‘श्रीलंका के खिलाफ हमारा प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। टी-20 सीरीज में हमारी टीम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी लेकिन वनडे सीरीज में और पहले टेस्ट मुकाबले में हमने बेहतरीन खेल खेला। उन्होंने आगे कहा कि,’अगर इंग्लैंड की बात की जाए तो मैं पिछले कुछ समय से उनके मुकाबले देख रहा हूं।
उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उन्होंने सिर्फ अपने घर में ही मुकाबले खेले हैं। अगर उनको ऐसी पिच पर खिलाया जाए जिसमें थोड़ी बहुत घास हो और उनके सामने जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे हो तो क्या वो ऐसा बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने में सक्षम होंगे? खैर वक़्त रहते यह भी पता चल जाएगा।
इंग्लैंड टीम के खिलाडियों ने कमाल का प्रदर्शन किया है
इंग्लैंड ने हाल ही में खेले गए टेस्ट मुकाबलों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी टीम के खिलाफ अविश्वसनीय जीत हासिल की थी। टीम की ओर से दिग्गज बल्लेबाज जो रूट, टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने कमाल की बल्लेबाजी की थी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा चुकी टेस्ट श्रृंखला में इन तीनों बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। वहीं भारत के खिलाफ जो रूट और जॉनी बेयरस्टो के शतक की बदौलत टेस्ट सीरीज को 2-2 की बराबरी पर अंत किया था।