टी-20 वर्ल्ड कप में मेरा चयन नहीं हुआ, इसका मुझे बिल्कुल भी अफसोस नहीं है- कुलदीप यादव
'जिन खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल किया गया है वो हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों हैं- कुलदीप यादव
अद्यतन - Oct 12, 2022 4:23 pm

दिल्ली में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में कुलदीप यादव की बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से मात देकर तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। बता दें, यादव ने इस मैच में 4.1 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। साथ ही उन्होंने एक मेडन ओवर भी फेंका।
कुलदीप यादव की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते दक्षिण अफ्रीका 27.1 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद भारतीय टीम ने 100 रन के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 7 विकेट रहते हासिल कर लिया। कुलदीप यादव को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के चलते ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से भी नवाजा गया। हालांकि यादव के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।
तमाम लोग यही उम्मीद कर रहे थे कि यादव को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तीसरे मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन में कुलदीप यादव ने वर्ल्ड कप में शामिल ना होने को लेकर अपनी बात सामने रखी।
मुझे बिल्कुल भी अफसोस नहीं है: कुलदीप यादव
कुलदीप यादव ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा कि, ‘टी-20 वर्ल्ड कप में मेरा चयन नहीं हुआ, इसको लेकर मुझे बिल्कुल भी अफसोस नहीं है, मैं सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दें रहा हूं। मैं सिर्फ इस चीज पर ध्यान दें रहा हूं कि कैसे मैच दर मैच खुद को और बेहतर किया जा सकता है। मुझे इसलिए भी बिल्कुल भी निराशा नहीं है क्योंकि जिन खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल किया गया है वो हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से हैं।’
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पिनर कुलदीप यादव से युजवेंद्र चहल को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस सवाल का हंसते हुए यादव ने जवाब दिया कि, ‘यह बहुत ही पेचीदा सवाल है। वो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में है और मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। उम्मीद करता हूं कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे और मैं वनडे में ऐसा ही प्रदर्शन करता रहूंगा।भारतीय टीम को ऑल द बेस्ट’