मैदान पर उतरने से पहले ही स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने बयान से किया साफ कि वह फिर से हैं, पूरी तरह तैयार - क्रिकट्रैकर हिंदी

मैदान पर उतरने से पहले ही स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने बयान से किया साफ कि वह फिर से हैं, पूरी तरह तैयार

स्टुअर्ट ब्रॉड वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए उनकी टीम में वापसी हुई है।

Stuart Broad. (Photo by Martin Rickett/PA Images via Getty Images)
Stuart Broad. (Photo by Martin Rickett/PA Images via Getty Images)

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड का कहना है कि वो आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वो नई इंग्लैंड टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत देंगे।

स्टुअर्ट ब्रॉड को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं दी गई थी। लेकिन अब वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए फिर से टीम में वापसी कर रहे हैं। इसी के साथ काफी लंबे समय के बाद जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड एक साथ गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।

डेली मेल के अपने कॉलम में ब्रॉड ने लिखा कि वो अभी अपने भविष्य को लेकर ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। वो अभी सिर्फ न्यूजीलैंड श्रृंखला के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने आगे लिखा कि, मेरी ब्रैंडन मैकुलम से खेल को लेकर फोन पर काफी देर बात हुई है और अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं।

तेज गेंदबाज की माने तो जैसे- जैसे अब इंग्लैंड क्रिकेट का एक नया युग शुरू हो रहा है सभी खिलाड़ी चाहेंगे कि अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट को फिर से एक उच्च स्तरीय टीम बनाए।

मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ मैदान पर खेलने के लिए बेताब हूं: स्टूअर्ट ब्रॉड

उन्होंने आगे लिखा कि, बिल्कुल आप प्रदर्शन को लेकर किसी तरह की संभावना नहीं लगा सकते हैं, लेकिन मैं एक चीज जरूर साफ कर देना चाहता हूं कि यहां से एक नए युग की शुरुआत होगी। मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ मैदान पर खेलने के लिए बेताब हूं जिसको लेकर लार्ड्स के मैदान पर खेले जाने वाले टेस्ट मैच के लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूं। पिछली सर्दियों में मैं बाहर हो गया था, लेकिन एक बार फिर से सही दिशा में आगे बढ़ने पर अपना ध्यान लगाउंगा।

बता दें कि, जो रूट ने टेस्ट कप्तान के पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद बेन स्टोक्स को इंग्लैंड टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया। वहीं क्रिस सिल्वरवुड की जगह ब्रैंडन मैकुलम को इंग्लैंड टेस्ट टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। इंग्लैंड टेस्ट टीम का हालिया प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने पिछले 17 मुकाबलों में मात्र 1 में जीत दर्ज की है।

मुझे लगता है कि हमें एक समय में एक ही मुकाबले के बारे में ज्यादा ध्यान देना चाहिए: स्टुअर्ट ब्रॉड

स्टुअर्ट ब्रॉड ने इंग्लैंड में हो रही काउंटी चैंपियनशिप में तीन मुकाबलों में 11 विकेट लिए हैं। उनका मानना है कि हमें जीत के साथ शुरुआत करनी चाहिए। साथ ही अभी भविष्य के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए और एक समय में एक ही मुकाबले के बारे में ज्यादा ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि, जब हम लंदन में एक साथ रहेंगे तो हमको कुछ नए आंकड़ों पर भी ध्यान देना होगा। इंग्लैंड टीम ने पिछले 17 मुकाबलों में सिर्फ 1 में जीत दर्ज की है। हमको अभी भविष्य के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए । दिमाग में अभी यही होना चाहिए कि कैसे हम जीत के साथ शुरुआत कर सकते हैं।

पहले भी हमसे यही गलती हुई है कि हमने एशेज के मुकाबलों में एक साथ पूरी श्रृंखला के बारे में सोचा है। पहला टेस्ट लॉर्ड्स में है। उसे जीतकर फिर हम दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए अपनी रणनीति बनाएंगे। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 2 जून को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।

close whatsapp