केएल राहुल ने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचनाओं पर कहा- "कोई भी खिलाड़ी परफेक्ट नहीं होता" - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल ने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचनाओं पर कहा- “कोई भी खिलाड़ी परफेक्ट नहीं होता”

रोहित शर्मा ने पुष्टि की हैं कि केएल राहुल सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम इंडिया की पहली पसंद है।

KL Rahul (Image Source: Twitter)
KL Rahul (Image Source: Twitter)

भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल का बल्ला चोट से लौटने के बाद से चल नहीं रहा है। हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप 2022 के दौरान स्टार बल्लेबाज का फॉर्म और उनकी धीमी बल्लेबाजी जमकर चर्चा में थी। हालांकि, केएल राहुल की स्ट्राइक रेट हमेशा से ही आलोचकों के निशाने पर रही है, लेकिन उनका हालिया फॉर्म भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को अब कुछ ही हफ्ते शेष रह गए हैं।

केएल राहुल के फॉर्म और उनकी स्ट्राइक रेट को देखते हुए कुछ दिग्गजों का मानना है कि विराट कोहली को रोहित शर्मा के साथ आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ओपनिंग करनी चाहिए, क्योंकि पूर्व भारतीय कप्तान अपने फॉर्म में लौट आए हैं, और बतौर ओपनर टीम के लिए मददगार साबित होंगे।

मैं अपनी स्ट्राइक रेट पर काम कर रहा हूं: केएल राहुल

इस बीच, भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने इन सभी हिदायतों को अनदेखा करते हुए पुष्टि की हैं कि केएल राहुल आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम इंडिया की पहली पसंद है। हालांकि, रोहित शर्मा ने स्वीकार किया कि स्ट्राइक-रेट एक मुद्दा है, लेकिन कहा कि राहुल इस समय इस पर काम रहे हैं।

वहीं, दाएं-हाथ के बल्लेबाज ने भी कहा है कि वह इस समय अपनी स्ट्राइक रेट पर काम कर रहे हैं, और साथ ही बताया कि किसी भी टीम में कोई भी खिलाड़ी परफेक्ट नहीं होता है, हर कोई किसी न किसी चीज पर काम कर रहा होता है, और वह अपनी स्ट्राइक रेट पर काम कर रहे हैं।

केएल राहुल ने रिपोर्टर्स को बताया: “हां, मैं अपनी स्ट्राइक रेट पर काम कर रहा हूं। पिछले 10-12 महीनों में प्रत्येक खिलाड़ी को जो भी भूमिकाएं सौंपी गई हैं, हम सभी इसको लेकर बहुत स्पष्ट हैं, और हम जानते हैं कि हमसे क्या उम्मीद की जाती है। हर कोई अपना बेस्ट देने के लिए अपने खेल पर काम कर रहा है। ड्रेसिंग रूम में कोई भी परफेक्ट नहीं होता है। प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी चीज पर काम कर रहा होता है, प्रत्येक की एक निश्चित भूमिका है।

लेकिन T20I क्रिकेट में बल्लेबाज के प्रदर्शन को स्ट्राइक रेट को ही आधार मानकर आंका जाता है। आप कभी ये नहीं देखेंगे कि वह बल्लेबाज कब एक निश्चित स्ट्राइक-रेट पर खेला है, क्या उसके लिए 200-स्ट्राइक रेट पर खेलना महत्वपूर्ण था, या फिर टीम 100-120 स्ट्राइक रेट से खेलकर मैच जीत सकती थी या नहीं। इस पर कोई ध्यान नहीं देता, लेकिन बस धीमी स्ट्राइक रेट पर सभी की नजर होती है।”

close whatsapp