हिटमैन ने शेयर किया IPL के पहले सीजन से जुड़ा मजेदार किस्सा, कहा- मुझे नहीं पता था कि 7.5 लाख डॉलर…..
आईपीएल 2023 रोहित शर्मा के लिए खास है क्योंकि रोहित शर्मा की कप्तानी को 10 साल पूरे होने जा रहे है।
अद्यतन - मार्च 19, 2023 6:24 अपराह्न

31 मार्च 2023 से IPL के नए सीजन की शुरुआत होने जा रही है। जिसको लेकर सभी टीमें और फैंस काफी उत्साहित हैं। इस लीग के शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल के पहले सीजन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया है।
दरअसल स्टार स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में रोहित शर्मा ने बताया कि, पहली बार आईपीएल नीलामी में काफी ज्यादा पैसे मिलने के बाद उनका रिएक्शन कैसा था? साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि, उन्हें नहीं पता था कि 7.5 लाख डॉलर कितने होते हैं।
ऑक्शन जैसा इवेंट हमारे लिए पहले कभी नहीं हुआ था-रोहित शर्मा
बता दें भारतीय क्रिकेट टीम और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल के पहले सीजन से ही इस लीग का हिस्सा रहे हैं। हालांकि पहले सीजन के दौरान वह मुंबई इंडियंस के नहीं बल्कि हैदराबाद फ्रेंचाइज़ी की टीम डेकन चार्जर्स से जुड़े हुए थे। बता दें इस टीम ने उन्हें 7.5 लाख डॉलर में खरीदा था, जो भारतीय रुपए में करीब 4.8 करोड़ की राशि थी।
वहीं टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में आईपीएल के पहले सीजन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर करते हुए कहा कि, पहले तो मुझे मालूम ही नहीं था कि, 7.5 लाख डॉलर कितना होता है। दरअसल ऑक्शन जैसा इवेंट हमारे लिए पहले कभी नहीं हुआ था और ना ही हमने कभी देखा था। लेकिन जब मुझे हैदराबाद टीम ने खरीदा तो मैं उस वक्त एक ही बात सोच रहा था कि मुझे कौन सी गाड़ी लेनी चाहिए। दरअसल उस समय यही मेरा प्लान था जो मैं पूरा करने की सोच रहा था। मैं उस समय सिर्फ 20 साल का था।
दरअसल आईपीएल 2023 रोहित शर्मा के लिए खास है क्योंकि रोहित शर्मा की कप्तानी को 10 साल पूरे होने जा रहे है। बता दें उन्होंने पहली बार मुंबई की टीम के लिए 2013 में कप्तानी की थी जिसके बाद से वह इस टीम से जुड़े हुए हैं और वह सबसे सफल कप्तान में से एक हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है।