‘शुभमन गिल बन सकते सकते हैं बड़े बल्लेबाज’- पूर्व कीवी क्रिकेटर का हैरान करने वाला बयान
शुभमन गिल ने अभी तक कुल 5 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 31.2 के औसत और 90.17 के स्ट्राइक रेट से 156 रन बनाए हैं।
अद्यतन - जुलाई 26, 2022 3:48 अपराह्न

न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टायरिस का मानना है कि शुभमन गिल जितने ज्यादा मुकाबले ओपनर के तौर पर खेलेंगे उनका वनडे रिकॉर्ड उतना बेहतर होगा। उनके मुताबिक गिल के पास वो सब चीज़ें हैं जो एक दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाज में होनी चाहिए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबलों में गिल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने पहले मुकाबले में 53 गेंदों में 64 रन बनाए थे वहीं दूसरे मुकाबले में 43 रनों की शानदार पारी खेली। ये दोनों मुकाबले त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए थे।
स्पोर्ट्स 18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में बातचीत के दौरान स्कॉट स्टायरिस ने दूसरे वनडे मुकाबले में गिल के प्रदर्शन को लेकर कहा कि, ‘जब भी गिल भारत के लिए खेलते हैं तो मैं चाहता हूं कि उनका औसत और ऊपर जाए क्योंकि वो एक बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी है। सिर्फ कुछ ही नाम है जो मुझे लगता है कि शुभमन गिल से अच्छे हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘पिछले दो सालों से मैं उनके प्रदर्शन को देख रहा हूं। मुझे लगता है कि उनके पास दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की कला है।’ बता दें, गिल ने अभी तक कुल 5 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 31.2 के औसत और 90.17 के स्ट्राइक रेट से 156 रन बनाए हैं।
शिखर धवन ने दूसरे वनडे मुकाबले में काफी धीमी शुरूआत की: स्कॉट स्टायरिस
शिखर धवन के दूसरे वनडे मुकाबले के प्रदर्शन को लेकर स्कॉट स्टायरिस ने कहा कि, ‘अगर आप इस मुकाबले में शिखर धवन के स्ट्राइक रेट को देखेंगे तो वो इतना अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने काफी धीमी शुरुआत की। शुभमन गिल के आउट होने के बाद 15-16 ओवरों में भारत 65 से 70 रनों के आसपास था। जब आप 300 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं तो यह स्ट्राइक रेट बहुत ही खराब माना जाता है।
शुभमन गिल ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई क्योंकि उनका स्ट्राइक रेट 100 के आसपास था। अगर शिखर धवन ने भी ऐसे ही खेला होता तो शायद भारत यह मुकाबला काफी आसानी से जीत लेता।