कोच रिकी पोंटिंग ने MI के खिलाफ करो-या-मरो मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन को लेकर ठोका दावा - क्रिकट्रैकर हिंदी

कोच रिकी पोंटिंग ने MI के खिलाफ करो-या-मरो मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन को लेकर ठोका दावा

मुझे अपने खिलाड़ियों के ऊपर पूरा भरोसा है और वो मुंबई के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे: रिकी पोंटिंग

Axar Patel, Rishabh Pant and Ricky Ponting. (Photo by Sandeep Shetty / Delhi Capitals)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में अगर दिल्ली कैपिटल्स (DC) को प्लेऑफ में जगह बनानी है तो उनको अपना आखिरी लीग मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। उनका सामना 21 मई को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इस करो-या-मरो मुकाबले से पहले ही दिल्ली के प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं।

पोंटिंग को भरोसा दिल्ली जरूर पहुंचेगी प्लेऑफ में

रिकी पोंटिंग ने मुंबई के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कहा, “मुझे अपने खिलाड़ियों के ऊपर पूरा भरोसा है और वो मुंबई के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। हमने इस सीजन पहली बार लगातार दो मुकाबले जीते हैं। इस संस्करण में हमने बहुत उतार-चढ़ाव देखें हैं। हमारे सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें बस एक मुकाबला और अपने नाम करना है। मुझे लगता है कि हमारी टीम मुंबई के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेगी और मुकाबला जीतेगी।”

बहरहाल, पोंटिंग ने बताया कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन से नेतृत्व करना होगा। उन्होंने बताया कि वॉर्नर, मार्श, कुलदीप, अक्षर, शार्दुल ने अच्छा खेल दिखाया है। रिकी ने कहा, “बल्लेबाजी में डेविड वॉर्नर ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है। हमने यह भी देखा कि मिचेल मार्श नंबर तीन पर कितने खतरनाक बल्लेबाज हो सकते हैं।”

इसके अलावा गेंदबाजों के बारे में बात करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, “कुलदीप यादव की गेंदबाजी कमाल की रही है। अक्षर पटेल ने भी किफायती गेंदबाजी की है। शार्दुल ठाकुर ने भी पिछले कुछ मुकाबलों में अच्छा फॉर्म दिखाया है। सीनियर खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से लोगों को प्रभावित किया है।”

रिकी ने बताया कि पिछले 2 मुकाबले जीतने के बाद टीम के अंदर काफी जोश है। उन्होंने कहा कि पिछले 2 मुकाबले जीतने के बाद टीम को अपने ऊपर भरोसा है कि वह मुंबई के खिलाफ अपना मुकाबला जरूर जीतेंगे। बता दें कि, अगर दिल्ली ये मुकाबला हार जाती है तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।

close whatsapp