मोहम्मद कैफ ने NCA पर उठाए सवाल, कहा- मुझे इस सिस्टम में बहुत खामियां नजर आती है
आईपीएल के इस सीजन में अब तक कई प्लेयर्स हो चुके हैं चोटिल।
अद्यतन - अप्रैल 12, 2023 6:36 अपराह्न

टीम इंडिया के बेहतरीन खिलाड़ी जैसे जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर चोट के कारण फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन से बाहर हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह पिछले साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं तो वहीं श्रेयस अय्यर आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए। हालांकि दीपक चाहर जरूर आईपीएल 2023 का हिस्सा बने लेकिन वह भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए चोटिल हो गए।
बता दें दीपक चाहर पिछले कुछ महीने में चोट के कारण कई बार टीम इंडिया से बाहर हुए। वहीं वर्ल्ड कप से पहले ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि भारतीय क्रिकेट टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी हो सकती है और श्रेयस अय्यर भी जल्द वापस आ सकते हैं।
हालांकि वहीं खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने पर भारत के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने बड़ी प्रतिक्रिया देते हुए NCA को इसका जिम्मेदार ठहराया है। एक मिडिया हाउस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, मैं इसके लिए सिस्टम को दोष दूंगा क्योंकि खिलाड़ियों को पहले टीम में चुना जाता है और फिर मैच से कुछ दिन पहले उन्हें फिट ना होने का कारण बताकर बाहर कर दिया जाता है।
बुमराह के खेलने की उम्मीद कर रहें फैंस के साथ यह नाइंसाफी हो सकती है- मोहम्मद कैफ
मोहम्मद कैफ ने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, बुमराह के साथ ऐसा हुआ है और मोहम्मद शमी के साथ भी यही हुआ। इसलिए NCA के ट्रेनर्स, फिजिओ, वीवीएस लक्ष्मण और उनकी टीम को इन परिस्थितयों पर ध्यान देना होगा। बुमराह के खेलने की उम्मीद कर रहें फैंस के साथ यह नाइंसाफी हो सकती है। इसलिए मुझे लगता है यह बहुत ही गंभीर मामला है और ऐसे में मैनेजमेंट को इस पर ध्यान देने की बेहद जरूरत है।
उन्होंने कहा कि, ट्रांस्पैरेंसी होनी चाहिए और खिलाड़ियों को फिट घोषित करने से पहले उनका ठीक से टेस्ट करना चाहिए। या तो खिलाड़ी पूरी तरह फिट होना चाहिए या उसे 10-12 दिन और देनी चाहिए। बुमराह के फैन के रूप में मैं यह जानना चाहता हूं कि उन्हें किस तरह की इंजरी है और उन्हें ठीक होने में कितना समय लगेगा।