जब राहुल द्रविड़ ने लाइव मैच के दौरान आदित्य तारे से चिढ़कर गुस्से में कर दी थी चौंकाने वाली हरकत
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2014 के फाइनल में पंजाब को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी जीती थी।
अद्यतन - मई 18, 2023 1:07 अपराह्न

मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व क्रिकेटर आदित्य तारे ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें सीजन को याद करते हुए राहुल द्रविड़ से जुड़ी एक अनसुनी कहानी का खुलासा किया। आपको बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2014 के फाइनल में पंजाब को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी जीती थी।
इस बीच, यह किस्सा आईपीएल 2014 के उस मैच का है जब मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) दोनों टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की रेस में शामिल थी। हालांकि, मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने अंतिम लीग मैच में आदित्य तारे के यादगार छक्के की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) को मात देकर आईपीएल 2014 के प्लेऑफ में जगह बना ली थी, लेकिन उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ एलिमिनेटर में हार का सामना करना पड़ा था।
‘….. मैं छक्का मारने का मन बना चुका था’: आदित्य तारे
आदित्य तारे ने खुलासा किया कि उनके मैच विनिंग शॉट खेलने के बाद RR के कोच राहुल द्रविड़ अपनी भावनाओं को छिपा नहीं पाए और गुस्से में अपनी कैप निकालकर फेंक दी थी। हालांकि, तारे ने बताया उन्होंने उस समय इस घटना को नहीं देखा था, लेकिन सभी उन्हें बता रहे थे कि उन्होंने द्रविड़ का पारा चढ़ा दिया था।
आदित्य तारे ने स्टार स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: “मैंने उस समय राहुल द्रविड़ का गुस्से वाला रिएक्शन नहीं देखा था, लेकिन मैंने सभी से सुना था कि, ‘हमने राहुल द्रविड़ को आपकी वजह से गुस्सा होते देखा’। उस डिलीवरी से पहले, RR ने सोचा कि वे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, क्योंकि स्कोर टाई हो गया था।
RR का डगआउट काफी खुश लग रहा था। लेकिन फिर हमें पता चला कि हमारे पास प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए एक और गेंद है, अगर हम बाउंड्री लगाते हैं। पहले हमने सोचा कि हम छक्का लगाएंगे, लेकिन फिर हमें एहसास हुआ कि हमें चौके की जरूरत है। लेकिन तब तक मैं छक्का मारने का मन बना चुका था।”