'मैं अब उन्हें टेस्ट फॉर्मेट में देखना चाहता हूं..'- WTC फाइनल में हार के बाद हार्दिक पांड्या को लेकर सौरव गांगुली का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं अब उन्हें टेस्ट फॉर्मेट में देखना चाहता हूं..’- WTC फाइनल में हार के बाद हार्दिक पांड्या को लेकर सौरव गांगुली का बड़ा बयान

हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए 11 टेस्ट मैचों में 17 विकेट लिया है।

Hardik Pandya Sourav Ganguly (Photo Source: Twitter)
Hardik Pandya Sourav Ganguly (Photo Source: Twitter)

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया को एक बार फिर शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से हराकर नौवें आईसीसी खिताब पर कब्जा किया। वहीं 10 साल बाद भी टीम इंडिया के लिए आईसीसी खिताब का सूखा जारी है।

भारत के हार के बाद पूर्व खिलाड़ी टीम की जमकर आलोचना करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का कहना है कि एक हार के बाद नतीजे नहीं निकालने चाहिए, वहीं उनका कहना है कि वह जल्द ही हार्दिक पांड्या को टेस्ट फॉर्मेट में खेलते हुए देखना चाहते हैं।

कोहली और पुजारा से आगे देखने का समय नहीं है- सौरव गांगुली

सौरव गांगुली ने हाल ही में इंडिया टूडे पर बात करते हुए कहा, ‘सिर्फ एक हार से नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए भारत के पास हमेशा प्रतिभा रहेगी और मुझे नहीं लगता है कि यह विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा से आगे देखने का समय है। विराट सिर्फ 34 साल के हैं लेकिन भारत के पास रिजर्व भी बहुत है।’

सौरव गांगुली ने आगे कहा, ‘जब आप कुछ प्रदर्शनों को देखते हैं। अगर हम टेस्ट क्रिकेट से चिपके रहते हैं तो मैं आईपीएल के प्रदर्शन पर विचार नहीं करता। घरेलू क्रिकेट में कुछ शानदार खिलाड़ी हैं और यह आपको तभी पता चलेगा जब आप उन्हें मौका देंगे। चाहे वो जायसवाल हो या पाटीदार, बंगाल के अभिमन्यु ईश्वरन भी बहुत रन बनाते हैं।’

हार्दिक को जल्द ही टेस्ट फॉर्मेट में देखना चाहते हैं सौरव गांगुली

हार्दिक पांड्या टी-20 फॉर्मेट में अपनी कप्तानी और खेल से जलवा बिखेर रहे हैं। आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी हार्दिक पांड्या बड़ी भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। लेकिन सौरव गांगुली हार्दिक पांड्या को अब टेस्ट फॉर्मेट में देखना चाहते हैं। हार्दिक पांड्या ने अब तक भारत के लिए 11 टेस्ट मैचों में 31.29 के औसत से 532 रन बनाए हैं। और 17 विकेट अपने नाम किया है।

सौरव गांगुली का मानना है कि भारतीय टेस्ट टीम के लिए इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में हार्दिक पांड्या कारगार साबित होंगे। सौरव गांगुली ने आगे कहा, ‘शुभमन गिल युवा है। रूतुराज गायकवाड़ और मुझे उम्मीद है कि हार्दिक पांड्या सुन रहे हैं और मैं उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहता हूं, खासकर इन परिस्थितियों में।’

close whatsapp