'वह जिस तरीके से शॉट खेल रहा वह बिल्कुल सही नहीं है...'- हैरी ब्रूक के शॉट सिलेक्शन को देख आगबबूला हुए केविन पीटरसन - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘वह जिस तरीके से शॉट खेल रहा वह बिल्कुल सही नहीं है…’- हैरी ब्रूक के शॉट सिलेक्शन को देख आगबबूला हुए केविन पीटरसन

दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 7 रनों से जीत दर्ज की।

Kevin Petersen Harry Brook (Photo Source: IPL)
Kevin Petersen Harry Brook (Photo Source: IPL)

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 7 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने शुरूआती मुकाबलों में खराब प्रदर्शन करने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।

लेकिन बाकी 6 मैचों में हैरी ब्रूक मात्र 63 रन ही बना पाए। इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी और क्रिकेट कमेंटटेटर केविन पीटरसन ने हैरी ब्रूक के शर्मनाक प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया हैं।

हैरी ब्रूक की बल्लेबाजी पर भड़के केविन पीटरसन

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में हैरी ब्रूक को 13.25 करोड़ रूपए में खरीदा था। लेकिन भारतीय पिचों पर हैरी ब्रूक की कमजोरी साफ नजर आ रही है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैरी ब्रूक मात्र 7 रन पर आउट हो गए। केविन पीटरसन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैरी ब्रूक के शॉट सलेक्शन पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं।

केविन पीटरसन ने मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए कहा, ‘मैं वास्तव में शॉट को समझ नहीं पा रहा हूं। आपके पास डीप पॉइंट और फाइन लेग दोनों है वह अपने ऑफ साइड से हिट करने के लिए लेग स्टंप की ओर खुद को बहुत ज्यादा जगह दे रहे थे। शायद मैं पुराने विचार रखता हूं लेकिन फाइन लेग की ओर ये अच्छा शॉट नहीं है।’

दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की सीजन की दूसरी जीत

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर सनारइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मात्र 21 रन पर आउट हो गए थे। वहीं पृथ्वी शॉ की जगह ओपनिंग करने उतरे फिलिप सॉल्ट गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए थे। दिल्ली कैपिटल्स मनीष पांडे के 34 और अक्षर पटेल के 34 रनों की पारी के बल पर 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 144 रन बना पाई थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद मयंक अग्रवाल की शानदार बल्लेबाजी के चलते रन चेज में बनी हुई थी।

लेकिन मयंक पारी के 12वें ओवर में 49 रन पर विकेट गंवा बैठे। हेनरिक क्लासेन डेथ ओवर्स में शानदार नजर आ रहे थे लेकिन 19वें ओवर में एनरिक नॉर्खिया के हाथों 31 रन पर आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर ने 15 गेंदो में 24 रनों की नाबाद पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। लगातार पांच शुरूआती मुकाबलों में हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन की दूसरी जीत दर्ज कर ली है।

close whatsapp