क्या रॉब की और बेन स्टोक्स की टोली खोलेगी एलेक्स हेल्स के लिए इंग्लैंड के दरवाजे?
मार्च 2019 के बाद से लेकर अब तक एलेक्स हेल्स इंग्लैंड क्रिकेट टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।
अद्यतन - मई 1, 2022 3:46 अपराह्न

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स की इंग्लैंड क्रिकेट टीम में वापसी की संभावनाओं को लेकर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के नए प्रबंध निदेशक रॉब की ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि 33-वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने अपनी सजा काट ली है, और अब उनकी पिछली गलतियों के लिए उन्हें और अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए, अब उन्हें माफ कर दिया जाना चाहिए। हालांकि, रॉब की ने इस बात को लेकर अनिश्चितता जाहिर की है कि एलेक्स हेल्स को इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी या नहीं।
एलेक्स हेल्स ने अपनी सजा काट ली है: रॉब की
आपको बता दें, एलेक्स हेल्स को 2019 वर्ल्ड कप की पूर्व संध्या पर इंग्लैंड टीम से बाहर कर दिया गया था, क्योंकि प्रतिबंधित दवा का सेवन करने के कारण उन पर 21 दिनों का बैन लगा दिया गया था। 21 दिनों के प्रतिबंध का सामना करने के अलावा, अनुभवी बल्लेबाज ने टीम और प्रबंधन का विश्वास भी खो दिया। मार्च 2019 के बाद से लेकर अब तक एलेक्स हेल्स इंग्लैंड क्रिकेट टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।
रॉब की ने द गार्जियन के हवाले से कहा: “मुझे उस फैसले में शामिल लोगों से बात करनी होगी, लेकिन मैं एलेक्स हेल्स को चयन के लिए उपलब्ध कराऊंगा। मुझे लगता है कि उसने अपना समय पूरा कर लिया है। लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि वह टीम में शामिल हो गया है? वह एक अलग बहस है।”
आपको बता दें, एलेक्स हेल्स दुनिया भर में टी-20 लीग में अपने प्रदर्शन के सुर्खियों में बने रहते हैं, और उन्होंने राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए अपने शानदार प्रदर्शन से खुद के लिए एक मजबूत दावेदारी पेश की है। बिग बैश लीग हो या पाकिस्तान सुपर लीग, दाएं-हाथ के बल्लेबाज ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित की है, और इसी कारण उनकी इंग्लैंड टीम में वासपी लगभग तय है।