‘मैं CSK के लिए खेलता हूं इसलिए’- AUS के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय ‘सर जडेजा’ ने धोनी को दिया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को किया क्लीन बोल्ड।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2023 3:19 अपराह्न

रवींद्र जडेजा को लगता है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप 2023 में चेन्नई में हुए मुकाबले में स्टीव स्मिथ का विकेट ही इस मैच का टर्निंग पॉइंट था। टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने पैट कमिंस एंड कंपनी को 199 रन के स्कोर पर रोक दिया।
सबसे पहले जसप्रीत बुमराह ने सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श को छह गेंद में शून्य पर आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई, जबकि कुलदीप यादव ने डेविड वार्नर को 41 रन पर पवेलियन भेजा। जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 110/2 था, तब स्मिथ (46) अर्धशतक के करीब पहुंच रहे थे। मैच के 28वें ओवर में जड़ेजा ने उन्हें आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
34 वर्षीय जडेजा ने 30वें ओवर की अपनी दूसरी गेंद पर लाबुशेन (27) का बड़ा विकेट हासिल किया और उसी ओवर में एलेक्स कैरी को LBW आउट कर दिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, जडेजा ने कहा कि वह चेन्नई की परिस्थितियों को जानते हैं क्योंकि वह 10 साल से अधिक समय से इस मैदान पर खेल रहे हैं। 34 वर्षीय खिलाड़ी ने मैच के दौरान अपने द्वारा दिए गए योगदान पर भी खुशी व्यक्त की।
जडेजा ने कहा कि, “मुझे लगता है कि वह टर्निंग पॉइंट था, आप जानते हैं, जब आपको स्टीव स्मिथ जैसा विकेट मिलता है। उसके बाद से नए बल्लेबाज के लिए आकर स्ट्राइक रोटेट करना आसान नहीं था। इसलिए मैं कहूंगा कि वह विकेट टर्निंग पॉइंट था और हां, इससे मुझे मदद मिली, क्योंकि मैं चेन्नई की परिस्थितियों को जानता था। मैं यहां लगभग 10-11 सालों से CSK के लिए खेल रहा हूं, इसलिए मैं इस मैदान की परिस्थितियों को जानता हूं। मैंने इसका आनंद लिया और जो कुछ भी मैं इसमें योगदान देता हूं टीम मैं हमेशा खुश महसूस करता हूं।”
चेन्नई में टेस्ट मैच वाला विकेट था- रवींद्र जडेजा
मैच के दौरान अपने तरीकों के बारे में बात करते हुए, जडेजा ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे यह टेस्ट मैच वाला विकेट है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सिर्फ स्टंप-टू-स्टंप गेंदबाजी करने की कोशिश की और इससे उन्हें विकेट लेने में मदद मिली।
उन्होंने कहा “जब मैंने पहला ओवर शुरू किया तो गेंद पड़ने के बाद थोड़ी रुक रही थी। मुझे लगा कि दोपहर का समय है, गर्मी थी और विकेट सूखा था। मैंने सोचा कि स्टंप-लाइन बेहतर होगी। यहां से कुछ गेंदें टर्न होंगी , कुछ सीधी जाएंगी इसलिए बल्लेबाज के लिए लाइन में खड़ा होना आसान नहीं होगा।
यह मेरी योजना थी कि मुझे स्टंप्स पर गेंदबाजी करनी चाहिए और सौभाग्य से स्मिथ की गेंद थोड़ी अधिक घूम गई। मैं सोच रहा था कि यह टेस्ट मैच वाला विकेट है। मुझे बहुत अधिक प्रयोग नहीं करना चाहिए क्योंकि सब कुछ विकेट से हो रहा था। इसलिए, मैं स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था।”
यह भी पढ़ें: आंसू आ गए थे कप्तान रोहित शर्मा की आंखों में