टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रंग बदलने के मामले में तो शोएब अख्तर गिरगिट को भी पछाड़ दें!
पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचते ही शोएब अख्तर के बदले तेवर!
अद्यतन - नवम्बर 7, 2022 5:13 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर अक्सर अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। पूर्व दिग्गज ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खराब प्रदर्शन के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जमकर आलोचना की थी।
उन्होंने भारत को लेकर भी तीखी बयानबाजी की थी, जिसके कारण उन्हें काफी खरी-खोटी भी सुननी पड़ी थी। दरअसल, शोएब अख्तर ने दावा किया था कि पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर से ही बाहर हो जाएगा, जबकि भारत सेमीफाइनल के बाद अपने पड़ोसियों की तरह बैग पैक कर स्वदेश लौटेगा।
भारत-पाकिस्तान की आलोचना के बाद शोएब अख्तर ने लिया यू-टर्न
उनकी यह बयानबाजी जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान की हार और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की करारी हार के बाद जमकर वायरल हुई थी। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचकर शोएब अख्तर को गलत साबित कर दिया।
अब भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान दोनों के सेमीफाइनल के क्वालीफाई करने के बाद पूर्व तेज गेंदबाज ने पलटी मार ली है। उन्होंने कहा है कि वह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच देखना चाहते हैं। अब अख्तर 13 नवंबर को एमसीजी में भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल देखना चाहते हैं।
शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “हमारी पाकिस्तान टीम ने मुझे गलत साबित कर दिया है। पाकिस्तान पहले दौर से ही बाहर नहीं हुआ। नीदरलैंड का शुक्रिया। बड़ी मेहरबानी, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, हम आपके आभारी हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम, आपके पास थाली में सेमीफाइनल का टिकट था, लेकिन आपने इसे ऐसे ही जाने दिया, मेरे पास आपके लिए शब्द नहीं हैं। टीम इंडिया, हम आपसे फिर फाइनल में मिलना चाहते हैं। अब यह निर्भर करता है कि भारत कैसा खेलता है।”