पोंटिंग की नजरों में ईशान किशन नहीं हैं वर्ल्ड कप खेलने के हकदार, कहा- उनसे पहले पंत को टीम में रखूंगा - क्रिकट्रैकर हिंदी

पोंटिंग की नजरों में ईशान किशन नहीं हैं वर्ल्ड कप खेलने के हकदार, कहा- उनसे पहले पंत को टीम में रखूंगा

ऋषभ पंत इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।

Rishabh Pant, Ishan Kishan & Ricky Ponting (Photo Source: Twitter)
Rishabh Pant, Ishan Kishan & Ricky Ponting (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना ​​है कि भारत को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल करना चाहिए। भारतीय खेमे में पिछले कुछ समय में कई बेहतरीन क्रिकेटर उभरकर सामने आए हैं और इसके परिणामस्वरूप, टीम मैनेजमेंट टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को लेकर कुछ ठोस निर्णय नहीं ले पाई है।

इस बीच सभी का मानना है कि पंत ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे एकदिवसीय मैच में अपने शानदार शतक के साथ व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी अपने स्थान को लगभग पुख्ता कर लिया है। लेकिन टी-20 क्रिकेट में खासकर भारतीय टीम के लिए वो कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। वहीं दिनेश कार्तिक की बात करें तो उन्होंने एक बहुत ही सफल आईपीएल सीजन के बाद भारतीय टीम में वापसी की।

पंत की जमकर तारीफ कर रहे हैं रिकी पोंटिंग

पोंटिंग और पंत पिछले कुछ समय से आईपीएल में एक साथ काम कर रहे हैं। पोंटिंग जहां आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हैं और वहीं पंत टीम के कप्तान हैं। इस बीच पोंटिंग का मानना ​​​​है कि पंत में क्षमता है और उन्हें कार्तिक के साथ टीम में होना चाहिए, जो टीम में जगह पाने के हक़दार हैं।

द आईसीसी रिव्यू शो के नए एपिसोड में रिकी पोंटिंग ने कहा कि, “हमने देखा है कि ऋषभ 50 ओवर के क्रिकेट में क्या करने में सक्षम है और मुझे पता है कि वह टी-20 में क्या करने में सक्षम है। दिनेश कार्तिक ने अभी हाल ही में अपना सर्वश्रेष्ठ आईपीएल खेला है और मैं उन दोनों लोगों को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम में रखूंगा। ऋषभ आपके लिए नंबर तीन या चार पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं हार्दिक और कार्तिक आपके लिए अच्छा फिनिश करते हैं तो ये बल्लेबाजी लाइन उप काफी खतरनाक हो सकती है।”

ईशान किशन को टी-20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं शामिल करेंगे पोंटिंग

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को यह भी लगता है कि पंत और कार्तिक के होने के साथ, ईशान किशन बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह नहीं बना पाएंगे। पोंटिंग ने कहा कि, “जाहिर तौर पर इसका मतलब है कि किशन या सूर्या या श्रेयस अय्यर में से कुछ खिलाड़ियों को मौका नहीं मिलेगा।

मुझे नहीं लगता कि सूर्या अपनी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम से बाहर होंगे। लेकिन जब आपके पास इतनी अच्छी प्रतिभा हो, तो भारतीय टीम को चुनना हमेशा मुश्किल होता है। लेकिन पंत और कार्तिक दो ऐसे खिलाड़ी होंगे जिन्हें मैं अभी किशन से आगे चुनूंगा।”

close whatsapp