ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारतीय टीम का रहेगा यह पूरा शेड्यूल
विराट कोहली की कप्तानी में खेलने उतरने वाली भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरे लगी रहेंगी।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अगस्त 17, 2021 4:25 अपराह्न
साल 2021 के आखिर में क्रिकेट का सबसे बड़ा इवेंट ICC टी-20 वर्ल्ड कप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान में खेला जाएगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस मेगा इवेंट के पूरे कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है जिसकी शुरुआत 17 अक्टूबर से होगी जबकि फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को खेला जाएगा।
सभी को टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के शेड्यूल का इंतजार काफी बेसब्री से था क्योंकि पाकिस्तान भी उसी ग्रुप का हिस्सा है जिसमें भारत को शामिल किया गया है। इसके अलावा न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीमों के साथ 2 क्वालीफाइंग टीमें भी भारत के ग्रुप में शामिल होंगी।
पाकिस्तान के साथ मुकाबले से होगी भारत की शुरुआत
भारतीय टीम ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 24 अक्टूबर को दुबई के मैदान पर होने वाले मैच के साथ करेगी। 2 चिर-प्रतिद्वंदियों के बीच होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच माना जा रहा है। इससे पहले दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में मुकाबला खेला था जिसमें भारतीय टीम ने एकतरफा जीत हासिल की थी।
पाकिस्तान के साथ मुकाबले के बाद भारतीय टीम को 1 हफ्ते के बाद 31 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई के मैदान पर अपना अगला मुकाबला खेलना है। वहीं भारतीय टीम तीसरा मुकाबला 3 नवंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ अबू धाबी में खेलने उतरेगी।
5 नवंबर को भारतीय टीम को टूर्नामेंट में अपना चौथा मुकाबला ग्रुप बी के क्वालीफायर में पहले स्थान पर रहने वाली टीम के साथ खेलना है, जबकि भारत अपना आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को ग्रुप ए के क्वालीफायर में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के साथ खेलेगी।
बता दें कि साल 2007 में हुए पहली टी-20 वर्ल्ड कप में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम अपने दूसरे खिताब को जीतने के इरादे से इस मेगा इवेंट में खेलने उतरेगी। कोरोना महामारी के कारण भारत में होने वाले इस टी-20 वर्ल्ड कप को यूएई और ओमान में कराने का फैसला लिया गया है।
यहां देखिए ICC टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का शेड्यूल
मैच नंबर | दिन | मैच | स्थान |
1 | 24 अक्टूबर 2021 | भारत बनाम पाकिस्तान | दुबई |
2 | 31 अक्टूबर 2021 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | दुबई |
3 | 3 नवंबर 2021 | भारत बनाम अफगानिस्तान | अबू धाबी |
4 | 5 नवंबर 2021 | भारत बनाम बी1 | दुबई |
5 | 8 नवंबर 2021 | भारत बनाम ए2 | दुबई |