बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में रोहित शर्मा के बल्लेबाजी क्रम से खुश नहीं है सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में रोहित शर्मा के बल्लेबाजी क्रम से खुश नहीं है सुनील गावस्कर

7 दिसंबर को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है।

Sunil Gavaskar and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)
Sunil Gavaskar and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)

7 दिसंबर को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। मेहदी हसन मिराज के शानदार नाबाद शतकीय मैच जिताऊ पारी की बदौलत मेजबान ने इस मुकाबले में जीत दर्ज की। हालांकि इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ हो रही है।

ऐसा इसलिए क्योंकि अंगूठे में लगी चोट के बावजूद उन्होंने क्रीज पर उतरकर काफी अच्छी पारी खेली, हालांकि वो अपनी टीम को जीत ना दिला पाए। बता दें, रोहित शर्मा को यह चोट बांग्लादेश की पारी के दौरान लगी। वो स्लिप पर खड़े हुए थे जहां फील्डिंग के दौरान उनके अंगूठे में चोट लग गई। हालांकि इसके बावजूद वो नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए और भारत को शानदार वापसी दिलाई।

उन्होंने 28 गेंदों में 51 रन की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। अगर वो आखिरी गेंद पर छक्का जड़ देते तो यह उनके जिंदगी की सर्वश्रेष्ठ पारी होती, हालांकि वो इस मैच को जीत नहीं पाए। पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने यह भी कहा कि शर्मा को थोड़ा और ऊपर आकर बल्लेबाजी करनी चाहिए।

रोहित शर्मा का अलग ही क्लास है: सुनील गावस्कर

दूसरे वनडे मुकाबले के बाद सोनी स्पोर्ट्स में बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि, ‘सभी जानते हैं कि शर्मा किस क्वालिटी और किस क्लास के खिलाड़ी हैं। हालांकि जब भारत इतने पास आ गई थी तो सवाल यह उठता है कि वह पहले बल्लेबाजी करने क्यों नहीं आए? अगर वो नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आ रहे थे तो उन्होंने नंबर 7 पर क्यों नहीं की। मुझे लगता है कि अक्षर पटेल को टीम को अलग तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए था।

अक्षर पटेल को लगा कि दीपक चहर या ठाकुर बल्लेबाजी करने आएंगे। उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि रोहित शर्मा भी बल्लेबाजी करने क्रीज पर उतरेंगे और इसी वजह से उन्होंने वो शॉट खेला। उस समय यह शॉट खेलने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं थी।’

सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि अगर रोहित उस समय क्रीज पर उतर गए होते तो अक्षर पटेल थोड़ा बेहतरीन तरीके से बल्लेबाजी कर रहे होते और रिजल्ट में काफी बदलाव देखने को मिलता।’

ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में रोहित शर्मा खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

close whatsapp