'अगर मेरी बेटी क्रिकेट...': सौरव गांगुली ने झूलन गोस्वामी की तारीफ में कह दी बड़ी बात - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अगर मेरी बेटी क्रिकेट…’: सौरव गांगुली ने झूलन गोस्वामी की तारीफ में कह दी बड़ी बात

सौरव गांगुली ने कहा झूलन गोस्वामी अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ कर जा रही है।

Jhulan Goswami, Sourav Ganguly and Sana (Image Source: Getty Images/Instagram)
Jhulan Goswami, Sourav Ganguly and Sana (Image Source: Getty Images/Instagram)

भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज झूलन गोस्वामी 24 सितंबर को लॉर्ड्स में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के लिए तैयार है। अनुभवी तेज गेंदबाज भारत की जर्सी में आखिरी बार 24 सितंबर को नजर आएंगी, जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम तीसरे और अंतिम वनडे मैच में प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में इंग्लैंड से भिड़ेगी।

आपको बता दें, झूलन गोस्वामी ने अब तक भारत के लिए 203 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें 253 विकेट के साथ उनके नाम इस प्रारूप में सबसे अधिक विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वह जारी इंग्लैंड दौरे पर भी गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन कर रही है, जहां भारत ने साल 1999 के बाद से अपनी पहली वनडे सीरीज जीती है।

झूलन गोस्वामी एक रोल मॉडल हैं: सौरव गांगुली

इस बीच, बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दिग्गज महिला क्रिकेटर को एक लीजेंड बताते हुए उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी और साथ ही कहा वह सभी खिलाड़ियों के लिए एक परफेक्ट रोल मॉडल है। उन्होंने आगे कहा कि अगर उनकी बेटी सना क्रिकेट खेलना चाहती, तो वह चाहते कि वह झूलन गोस्वामी की तरह खेलें।

सौरव गांगुली ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान कहा: “अगर मेरी बेटी क्रिकेट खेलना चाहती, तो मैं उसे झूलन गोस्वामी की तरह बनने का सुझाव देता। लेकिन दुर्भाग्य से, वह क्रिकेट नहीं खेल रही है। मेरी ओर से गोस्वामी को ढेर सारी शुभकामनाएं। वह एक लीजेंड हैं। उन्होंने महिला क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। वह बंगाल चकदाह की रहने वाली हैं। मेरा उनके साथ बहुत सौहार्दपूर्ण रिश्ता हैं।

मेरी महिला क्रिकेट विकास को लेकर झूलन गोस्वामी के साथ काफी चर्चा हुई है। मैं झूलन के लिए बहुत खुश हूं। वह लगभग 40 वर्ष की है, और उनका बेहद शानदार करियर रहा है। हर खिलाड़ी को एक न एक दिन क्रिकेट को अलविदा कहना होता है। यही खेल है। लेकिन झूलन अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ कर जा रही है। वह एक रोल मॉडल हैं। वह लॉर्ड्स में अपने करियर का अंत कर रही है, जो अधिकतर क्रिकेटरों का सपना होता है।”

close whatsapp