विराट कोहली ने CWG गेम्स के लिए महिला क्रिकेट टीम को दी शुभकामनाएं
विराट कोहली ने ट्विटर के जरिए भारतीय महिला टीम को शुभकामनाएं दीं।
अद्यतन - Jul 29, 2022 12:02 pm

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली, जो पिछले कुछ समय से आउट ऑफ़ फॉर्म चल रहे हैं, उन्होंने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) में हिस्सा लेने वाली भारतीय महिला टीम को शुभकामनाएं दी है। 33 वर्षीय कोहली ने मेगा इवेंट में भाग लेने वाले अन्य सभी भारतीय एथलीटों को भी शुभकामनाएं दीं। CWG 2022 आज (28 जुलाई) से शुरू होने वाला है और यह 8 अगस्त तक खेला जाएगा।
टीम इंडिया को अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा जो इस साल पहले ही विश्व कप जीत चुकी है और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक हासिल करना चाहेगी। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम इंडिया भी अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर देना चाहेगी।
इस बीच पूर्व कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘भारतीय महिला क्रिकेट टीम और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले हमारे सभी एथलीटों को मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं।’
यहां देखिए विराट कोहली का वो ट्वीट
My best wishes to the Indian women's cricket team and all our athletes participating in the Commonwealth Games. 🇮🇳🙌
— Virat Kohli (@imVkohli) July 28, 2022
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के मैच के बारे में बात करें तो, यह मुकाबला बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा। टीम इंडिया के पास शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, यास्तिका भाटिया और कप्तान हरमनप्रीत कौर जैसी बल्लेबाज है, जो ऑस्ट्रेलिया की मजबूत गेंदबाजी लाइन-अप को कड़ी चुनौती देने में पूर्ण रूप से सक्षम है।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के पास एलिसा हीली, बेथ मूनी, मेग लैनिंग, एलिसे पेरी और ताहलिया मैकग्रा जैसे बल्लेबाज हैं जो भारतीय गेंदबाजी लाइन-अप पर हावी होने की पूरी कोशिश करेंगे। इस बीच, भारतीय कप्तान ने भी मैच से पहले आत्मविश्वास दिखाया और कहा कि उनकी नजर एक पदक जीतने पर है, लेकिन फैंस भारतीय टीम से गोल्ड मेडल की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप मैच से पहले, भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने हमेशा बेहतर प्रदर्शन किया है, जब भी हमें उनके (ऑस्ट्रेलिया) के खिलाफ खेलने का मौका मिला है। इस बार चीजें वास्तव में सकारात्मक दिख रही हैं, हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।’