टीम इंडिया के लिए WTC Final महत्वपूर्ण होता तो IPL 20 दिन पहले खत्म करते- सलमान बट
सलमान बट ने कहा कि, दरअसल रोहित शर्मा ने पूछा था कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का आयोजन जून में ही क्यों होता है।
अद्यतन - जून 14, 2023 4:49 अपराह्न

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर WTC का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं टीम इंडिया को मिली हार पर खिलाड़ियों को काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ रही है।
भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस कड़ी में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सलमान बट ने भी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उनका कहना है कि, भारत को आईपीएल WTC मुकाबले से 20 दिन पहले ही खत्म कर देना चाहिए था अगर भारत के लिए यह मुकाबला ज्यादा महत्वपूर्ण था तो। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा की सुझाव की आलोचना की।
हमें अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करनी चाहिए- सलमान बट
बता दें अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए सलमान बट ने कहा कि, दरअसल रोहित शर्मा ने पूछा था कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का आयोजन जून में ही क्यों होता है? उन्होंने यह भी कहा कि इसे इंग्लैंड से बाहर कराना चाहिए। ये वो चर्चे हैं जब रिजल्ट आपके पक्ष में नहीं आता। हालांकि इसके बजाय हमें अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करनी चाहिए।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, अगर WTC Final भारत के लिए पहली प्राथमिकता होती तो उन्हें IPL 20 दिन पहले खत्म कर देना चाहिए था। उन्हें काउंटी टीमों के खिलाफ कुछ मैच खेलने के लिए फाइनल से 15 दिन पहले इंग्लैंड पहुंच जाना चाहिए था।
इसके साथ ही सलमान बट ने कहा कि, भारत का विदेशी जमीन पर रिकॉर्ड बहुत अच्छा है। हालांकि विराट कोहली ने जबसे कप्तानी छोड़ी है तबसे इस रिकॉर्ड में गिरावट देखने को मिली है। तभी से चीजें स्थिर नहीं है। भारत में तो वे बिना कप्तान के ही जीत सकते हैं लेकिन कप्तानी का आंकलन तभी होता है जब टीम विदेश का दौरा करती है।