टी-20 वर्ल्ड कप 2022: ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में किसको मिलनी चाहिए भारतीय प्लेइंग XI में जगह, सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान
सुनील गावस्कर ने कहा कि, 'मैं अपनी प्लेइंग XI में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को ही शामिल करूंगा।
अद्यतन - Sep 19, 2022 12:19 pm

लगभग एक हफ्ते पहले आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है। इस 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना गया है। हालांकि जब से टीम का चयन हुआ है तब से यही सवाल लगातार उठ रहा है कि आखिर इन दोनों खिलाड़ियों में से किसको टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में मौका दिया जाएगा। तमाम पूर्ण क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने इस पर अपनी-अपनी राय दी है। इसी बहस में अब सुनील गावस्कर भी जुड़ चुके हैं और उन्होंने अपनी राय सबके सामने रखी है।
जब से दिनेश कार्तिक की भारतीय टीम में वापसी हुई है तब से उनके प्रदर्शन में काफी निखार देखने को मिला है। IPL 2022 में RCB की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद कार्तिक की भारतीय टीम में वापसी हुई। उन्होंने अभी तक टीम के लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं ऋषभ पंत का फॉर्म पिछले कुछ समय में काफी अच्छा नहीं रहा है। हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में भी पंत का बल्ला खामोश रहा था।
स्पोर्ट्स तक में सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘मैं अपनी प्लेइंग XI में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को ही शामिल करूंगा। नंबर पांच पर ऋषभ पंत और नंबर छह पर हार्दिक पांड्या या इसी का उल्टा। दिनेश कार्तिक के लिए नंबर 7 पर बल्लेबाजी करना सबसे अच्छा रहेगा। मैं हार्दिक पांड्या के साथ चार और गेंदबाजी विकल्प रखूंगा। अगर आप जोखिम नहीं उठाएंगे, तो जीतेंगे कैसे? आपको अगर सभी डिपार्टमेंट में पुरस्कार प्राप्त करना है तो आपको जोखिम उठाना जरूरी है।’
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले से पहले राहुल द्रविड़ ने कही थी यह बात
भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले से पहले कहा था कि, ‘टीम में विकेटकीपर की पहली पसंद कोई नहीं है। हम परिस्थितियों के हिसाब से खेलते हैं। जिस हिसाब की परिस्थितियां होंगी उसको देखते हुए हम खिलाड़ियों को प्लेइंग XI में शामिल करेंगे। ग्रुप स्टेज के अपने पहले मुकाबले में हमें लगा कि दिनेश कार्तिक इन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे इसीलिए हमने उनको प्लेइंग XI में शामिल किया।’
हेड कोच ने आगे कहा कि, ‘ देखिए सभी खिलाड़ी काफी महत्वपूर्ण है और सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग XI को चुन्ना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन सब लोग एक दूसरे की अहमियत समझते हैं जो हमारी टीम में काफी अच्छी बात है।’