शारजाह वॉरियर्स ने ILT20 के पहले सीजन के लिए मोईन अली और पॉल फारब्रेस को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
शारजाह वॉरियर्स ने आगामी ILT20 के लिए अपने कप्तान और कोचिंग स्टाफ की घोषणा की।
अद्यतन - दिसम्बर 2, 2022 12:40 अपराह्न

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली को यूएई की इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT20) के उद्घाटन संस्करण के लिए शारजाह वॉरियर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है। कैप्री ग्लोबल के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने आगामी ILT20 के लिए अपने मुख्य कोच के रूप में पॉल फारब्रेस की नियुक्ति की भी घोषणा की है।
मोईन अली और पॉल फारब्रेस के अलावा, शारजाह वॉरियर्स ने मैथ्यू मेनार्ड को अपना बल्लेबाजी कोच और जी जयकुमार को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। यूएई की यह नई फ्रेंचाइजी टी-20 लीग अबू धाबी, दुबई और शारजाह में 13 जनवरी से खेली जाएगी। आपको बता दें, कैप्री ग्लोबल एक प्रमुख भारतीय गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी है।
ILT20 में शारजाह वॉरियर्स का नेतृत्व करेंगे मोईन अली
इस बीच, मोईन अली वर्तमान में अबू धाबी टी10 लीग 2022 में मॉरिसविले सैंप आर्मी का नेतृत्व कर रहे हैं, और वह आगामी ILT20 के पहले संस्करण में शारजाह वॉरियर्स के कप्तान की भूमिका पाकर सम्मानित महसूस कर हैं। मोईन ने क्रिकबज के हवाले से कहा: “शारजाह वॉरियर्स का कप्तान नियुक्त किया जाना एक बड़ा सम्मान है, और मेरे लिए टूर्नामेंट में शारजाह का नेतृत्व करना बहुत बड़ी खुशी की बात होगी। हमारे पास जो टीम है, उसे देखते हुए हम आक्रामक और समझदार क्रिकेट खेल सकते हैं, और उम्मीद है कि हमारे फैंस को ILT20 में दोनों का मिश्रण देखने को मिलेगा।”
इस बीच, पॉल फारब्रेस ने बतौर मुख्य कोच श्रीलंका को 2014 टी-20 वर्ल्ड कप और 2014 एशिया कप जीतने में मदद की थी। इसके अलावा, उन्होंने पूर्व मुख्य कोच पीटर मूरेस और ट्रेवर बेलिस के तहत इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सहायक कोच के रूप में भी काम किया है।
शारजाह वॉरियर्स द्वारा मुख्य कोच नियुक्त किए जाने पर फारब्रेस ने कहा: “खेल का टी-20 प्रारूप चुनौतीपूर्ण और साथ ही सबसे फायदेमंद रहा है। मुझे यह देखकर अच्छा लगता है कि दुनिया भर की प्रतिभाओं को अधिक अवसर मिल रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने और यूएई में क्रिकेट को लेकर युवाओं में रुचि पैदा करने के लिए हम कुछ अच्छा कर सकते हैं।”