भारत को महिला एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचाने के बाद शेफाली वर्मा ने अपने खेल को लेकर बात की - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत को महिला एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचाने के बाद शेफाली वर्मा ने अपने खेल को लेकर बात की

शेफाली वर्मा ने महिला एशिया कप 2022 में अब तक 125 की स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए हैं।

Shafali Verma (Image Source: ACC/BCCI Twitter)
Shafali Verma (Image Source: ACC/BCCI Twitter)

भारत ने 13 अक्टूबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए महिला एशिया कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा की धमाकेदार पारी के बदौलत थाईलैंड के खिलाफ 74 रनों की जोरदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है।

18-वर्षीय युवा बल्लेबाज ने पावरप्ले में बेहद स्वतंत्रता के साथ बल्लेबाजी की और पांच चौको और एक छक्के की मदद से 28 गेंदों में 42 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को थाईलैंड के खिलाफ 148 रनों का स्कोर खड़ा करने में मदद की। इस दौरान शेफाली वर्मा की स्ट्राइक रेट 150 थी और युवा बल्लेबाज को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हमें नियमित रूप से साझेदारी बनाने पर ध्यान देने की जरूरत है: शेफाली वर्मा

इस बीच, 148 रनों का बचाव करते हुए भारतीय महिला टीम ने बेहद शानदार गेंदबाजी की, क्योंकि थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम अपने 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर केवल 74 रन बना पाई, वहीं दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ ने भारत के लिए क्रमशः तीन और दो विकेट लिए, जबकि रेणुका सिंह, स्नेह राणा और शेफाली वर्मा को एक-एक सफलता मिली। अब महिला एशिया कप 2022 के फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से है, जो 15 अक्टूबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।

आपको बता दें, शेफाली वर्मा हाल ही में अपने लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के कारण भारत की प्लेइंग इलेवन से अंदर और बाहर हो रही थी, लेकिन उन्होंने जारी महिला एशिया कप 2022 में अपने शानदार प्रदर्शन से अपने आलोचकों की बोलती बंद कर दी। शेफाली ने इस टूर्नामेंट में अब तक अपनी पांच पारियों में 125 की स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए हैं, और सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूचि में जेमिमा रोड्रिग्स (215) और हर्षिता मदवि (201) के बाद तीसरे स्थान पर है।

शेफाली वर्मा ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “इस जीत से हमें काफी आत्मविश्वास मिला है। सिलहट में विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था, मुझे बल्लेबाजी करते हुए मजा आया। स्मृति (मंधना 13) और जेमी (जेमिमा रोड्रिग्स 27) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन हमें नियमित रूप से साझेदारी बनाने पर ध्यान देने की जरूरत है। हमें उम्मीद है कि फाइनल के लिए मौसम अच्छा रहेगा। मैं अब अपने खेल को लेकर अधिक आश्वस्त हूं, लेकिन मैं अपने खेल पर काम करते रहूंगी। मुझे टीम की जीत में योगदान देकर हमेशा खुशी होती है, और आज भी हो रही है।”

close whatsapp