लिमिटेड ओवर्स का कप्तान बनने से जोस बटलर को हो सकता है बड़ा नुकसान!
जोस बटलर को हाल ही में इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर्स टीम कप्तान नियुक्त किया गया है।
अद्यतन - जुलाई 6, 2022 1:20 अपराह्न

जोस बटलर पिछले कुछ महीनों में अपने जीवन के सर्वश्रेठ फॉर्म में रहे हैं। इस समय वो हर फॉर्मेट में काफी तेज गति से रन बना रहे हैं। हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2022 में भी बटलर ने कमाल का प्रदर्शन किया था। वहां उन्होंने 17 मैचों में 863 रनों के साथ इस सीजन में सबसे अधिक रन बनाए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने पिछले महीने नीदरलैंड के खिलाफ सिर्फ 47 गेंदों में एक बेहतरीन शतक बनाया।
इस बीच हाल ही में, इयोन मोर्गन, जो पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म और फिटनेस के मुद्दों से जूझ रहे थे, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। इसके बाद बटलर को इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर्स टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज का मानना है कि टी-20 और वनडे फॉर्मेट में कप्तान बनने से उनके टेस्ट करियर पर असर पड़ सकता है। बता दें कि बटलर टेस्ट क्रिकेट में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं।
अपने टेस्ट करियर को लेकर काफी चिंतित हैं जोस बटलर
NDTV के हवाले से रिपोर्टर्स को बटलर ने कहा कि, “निश्चित रूप से लिमिटेड ओवर्स टीम का कप्तान होना मेरी नंबर एक प्राथमिकता है। मैं आगे आने वाली चुनौती के लिए बहुत केंद्रित हूं और उसको लेकर वास्तव में काफी उत्साहित भी हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मुझे लगता है कि यह वास्तव में एक बड़ी चुनौती होगी और इस पर मुझे पूरा ध्यान देने की जरूरत है। टेस्ट क्रिकेट के बारे में बात करना एक ऐसा प्रश्न हो सकता है जिसका उत्तर तब तक नहीं दिया जाना चाहिए जब तक कि कोई मुझे टीम के लिए नहीं चुनना चाहता। अब तक ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला है। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में मैं अच्छा नहीं कर पाया हूं और अभी मैं टीम का हिस्सा भी नहीं हूं।”
जोस बटलर पिछले कुछ वर्षों में लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में एक बेहतरीन बल्लेबाज और फिनिशरों में से एक के रूप में उभरे हैं। वहीं उनका टेस्ट करियर का आंकड़ा काफी निराशाजनक रहा। टेस्ट क्रिकेट में उन्हें आखिरी बार इंग्लैंड के लिए एशेज 2021/22 में खेलते हुए देखा गया था। वहां इंग्लैंड को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था।