IND vs AUS: 'पिछले 3 मुकाबलों की 18 गेंदों में भुवनेश्वर कुमार ने लुटाए हैं 49 रन, यह अब चिंता का विषय है': सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs AUS: ‘पिछले 3 मुकाबलों की 18 गेंदों में भुवनेश्वर कुमार ने लुटाए हैं 49 रन, यह अब चिंता का विषय है’: सुनील गावस्कर

भुवनेश्वर कुमार जैसा अनुभवी गेंदबाज हर मुकाबले में रन लुटा रहा है जिसकी उम्मीद कोई नहीं कर सकता: सुनील गावस्कर

sunil gavaskar on bhuvneshwar kumar bowling (source-twitter)
sunil gavaskar on bhuvneshwar kumar bowling (source-twitter)

मोहाली में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। टीम की ओर से केएल राहुल (55) और हार्दिक पांड्या (71*) ने जबरदस्त अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इन दोनों ही भारतीय बल्लेबाजों की यह पारी काम ना आई और ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 4 गेंद रहते ही जीत लिया।

भारतीय टीम के लिए इस समय चिंता का विषय उनकी डेथ गेंदबाजी है। बता दें, ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी 4 ओवरों में 55 रन की दरकार थी और इसके बावजूद वो मुकाबला जीत गए। हर्षल पटेल ने पारी के 18वें ओवर में 22 रन दिए जबकि अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 16 रन दिए।

भुवनेश्वर कुमार का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि एशिया कप 2022 में भी उनकी गेंदबाजी काफी खराब रही थी। इस टूर्नामेंट के सुपर 4 में पाकिस्तान के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 40 रन देकर एक विकेट झटका था जबकि श्रीलंका के खिलाफ पारी के 19वें ओवर में उन्होंने 14 रन लुटाए थे।

भुवनेश्वर कुमार से ऐसी गेंदबाजी की कोई उम्मीद नहीं कर सकता: सुनील गावस्कर

भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने अपनी बात सामने रखी है। सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे में कहा कि, ‘मुझे नहीं लगता कि उस समय उतनी ओस थी। हमने ना तो फील्डरों को और ना ही गेंदबाजों को टॉवल का इस्तेमाल करते हुए देखा इसलिए ओस का बहाना कोई नहीं बना सकता। हमने अच्छी गेंदबाजी नहीं की और इसका एक उदाहरण मुकाबले का 19वां ओवर है, जो अब सच में चिंता का विषय बन चुका है।’

पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘भुवनेश्वर कुमार जैसा अनुभवी गेंदबाज हर मुकाबले में रन लुटा रहा है जिसकी उम्मीद कोई नहीं कर सकता। अभी तक पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 18 गेंदें (19वां ओवर) फेंकी हैं जिसमें उन्होंने 49 रन दिए हैं। इसका मतलब है उन्होंने हर गेंद पर 3 रन दिए हैं। जितना अनुभव भुवनेश्वर कुमार के पास है उसको देखते हुए वो उन 18 गेंदों में 35-36 रन से ज्यादा नहीं देने वाले गेंदबाज हैं। भुवनेश्वर कुमार का 19वां ओवर अब चिंता का विषय बन गया है।’

close whatsapp