क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने डॉ. साइमन लॉन्गस्टाफ को स्वतंत्र नैतिकता आयुक्त नियुक्त किया
डॉ. साइमन लॉन्गस्टाफ को साल 2013 में ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से सम्मानित किया गया था।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2022 5:56 अपराह्न

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 6 सितंबर को डॉ. साइमन लॉन्गस्टाफ को अपना पहला “स्वतंत्र नैतिकता आयुक्त” नियुक्त किया है। वह नैतिक मामलों पर राष्ट्रीय बोर्ड, राज्य और क्षेत्रीय संघों और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन के साथ मिलकर काम करेंगे।
इससे पहले डॉ. साइमन लॉन्गस्टाफ साल 2018 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से जुड़े थे, जब दक्षिण अफ्रीका में गेंद के साथ हुए छेड़छाड़ कांड ने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया था। इस घटना पर लॉन्गस्टाफ की तीखी समीक्षा ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के तत्कालीन अध्यक्ष डेविड पीवर को इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया था।
सीए एथिक्स कमिश्नर की भूमिका निभाएंगे डॉ. साइमन लॉन्गस्टाफ
आपको बता दें, डॉ. लॉन्गस्टाफ को साल 1991 में द एथिक्स सेंटर का पहला कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया था और इससे पहले वह कई पेशेवर संगठनों को नैतिकता पर अपनी सलाह दे चुके हैं। उन्हें साल 2013 में शासन और व्यवसाय में नैतिक मानकों को बढ़ावा देने, कॉर्पोरेट जिम्मेदारी में सुधार करने और फिलॉसोफी के माध्यम से इस क्षेत्र में विशिष्ट सेवा देने के लिए ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से सम्मानित किया गया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा: “द एथिक्स सेंटर के कार्यकारी निदेशक के रूप में डॉ लॉन्गस्टाफ ने साल 2018 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में स्वतंत्र संगठनात्मक समीक्षा का नेतृत्व किया था। बोर्ड ने इस रिपोर्ट की अधिकांश सिफारिशों पर कार्रवाई की है, और समीक्षा में डॉ लॉन्गस्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका उन्हें इस पद के लिए एक आदर्श उम्मीदवार बनाती है।”
वहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के अध्यक्ष डॉ लछलन हेंडरसन ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “सीए एथिक्स कमिश्नर की भूमिका का निर्माण और डॉ लॉन्गस्टाफ की नियुक्ति ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। हमने न केवल द एथिक्स सेंटर रिव्यू की प्रमुख सिफारिशों को अपनाया है, बल्कि यह पहल भविष्य में उत्पन्न होने वाले क्रिकेट में नैतिक मुद्दों की समीक्षा करने के लिए सर्वोत्तम प्रक्रिया सुनिश्चित करने में भी मदद करेगी। चूंकि डॉ लॉन्गस्टाफ हमारे साथ पहले भी काम कर चुके हैं, इसलिए उन्हें खेल में आने वाली चुनौतियों और हाल के दिनों में हुई प्रगति की विस्तृत समझ है। हम क्रिकेट की बेहतरी के लिए उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।”