अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले भारत को एक और बड़ा झटका! कोहली के बाद रोहित शर्मा के खेलने पर भी मंडराया खतरा
विराट कोहली पहले ही हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
अद्यतन - जून 4, 2026 1:49 अपराह्न

भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक के बाद एक झटके लगते हुए नजर आ रहे हैं। ताजा मीडिया रिपोर्ट की मानें तो विराट कोहली के बाद, अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं, जो 13 जून से शुरू हो रही है।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम इस समय भारत दौरे पर है। इस दौरे पर वह एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलती हुई नजर आएगी। टेस्ट मैच की शुरुआत 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से हो रही है। इसके बाद बहुप्रतीक्षित तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
रोहित शर्मा, जिन्हें आईपीएल 2026 के दौरान हल्की इंजरी हुई थी, वे कुछ मुकाबले पूरी तरह से फिट ना हो पाने की वजह से नहीं खेल पाए थे। हालांकि, रोहित को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए सेलेक्ट किया गया, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर था।
फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में रोहित
इस वनडे सीरीज से पहले पूर्व कप्तान हाल में ही बेंगलुरू में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे, जहां मेडिकल टीम उनकी इंजरी की निगरानी कर रही है। रोहित को लेकर अगर एनडीटीवी स्पोर्ट्स की रिपोर्ट्स की मानें, तो वह अभी तक अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर नहीं पाए हैं, जिसके कारण वे पूरे सीजन में एमआई के लिए नहीं खेल पाए, जहां उनका प्रदर्शन वैसे भी निराशाजनक रहा था। टूर्नामेंट के आखिरी दौर में वापसी के बाद भी, रोहित सिर्फ एक सहायक खिलाड़ी के रूप में ही मैदान पर उतरे, जिससे उनकी मैच फिटनेस पर सवाल उठने लगे।
चूंकि अब विराट कोहली पहले ही वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में रोहित शर्मा का फिट ना हो पाना, टीम इंडिया के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हालांकि, अभी तक बीसीसीआई की ओर से दोनों ही खिलाड़ियों के वनडे सीरीज से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।