ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20I मैच से पहले नागपुर में टीम इंडिया का किया गया जोरदार स्वागत; देखिए वीडियो
ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव ने नागपुर पहुंचते ही अपने प्रशंसकों के लिए ऑटोग्राफ साइन किए।
अद्यतन - सितम्बर 22, 2022 1:18 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20I मैच के लिए नागपुर पहुंच चुकी है, जो 23 सितंबर को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20I से पहले भारत की ऑरेंज सिटी में प्रशंसकों ने भारतीय टीम का जोरदार स्वागत किया, जिसकी एक झलक खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस को दी है।
बीसीसीआई (BCCI) ने 21 सितंबर को दूसरे T20I से पहले टीम इंडिया के नागपुर पहुंचने का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया है, जहां टीम के सदस्य नागपुर हवाई अड्डे से टीम होटल के लिए रवाना होते हुए नजर आ रहे हैं। भारतीय खिलाड़ियों के नागपुर पहुंचने पर प्रशंसकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
नागपुर में प्रशंसकों ने भारतीय टीम का जोरदार स्वागत किया
एक तरफ जहां विराट कोहली और युजवेंद्र चहल जैसे अधिकांश खिलाड़ियों ने मास्क पहना हुआ था, वहीं उनमें से कुछ जैसे दिनेश कार्तिक, हर्षल पटेल और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ बिना मास्क के नजर आए। इस बीच, जैसे ही खिलाड़ी टीम बस में पहुंचे, वहां मौजूद क्रिकेट प्रशंसकों ने उनके लिए नारे लगाए।
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया, तो वहीं ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव प्रशंसकों के लिए ऑटोग्राफ साइन करते हुए नजर आए। इसके बाद भारतीय टीम के सदस्य जैसे ही होटल पहुंचे वहां के कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और इसकी शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा से हुई, जिनके साथ युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार भी नजर आए।
यहां देखिए बीसीसीआई द्वारा साझा किया गया वीडियो –
Touchdown Nagpur 📍🧡#TeamIndia | #INDvAUS pic.twitter.com/Odt7nFjlTe
— BCCI (@BCCI) September 21, 2022
आपको बता दें, भारत को मोहाली में खेले गए पहले T20I मैच में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद अब नागपुर में होने वाला दूसरा T20I मैच मेजबान टीम को जीतना होगा, वरना ऑस्ट्रेलिया एक और जीत के साथ T20I सीरीज जीत लेगा।