आर अश्विन के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हुए फेल, एक ही ओवर में 2 बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन
रविचंद्रन अश्विन ने अपनी गेंदबाजी से ऑस्ट्रलियाई बल्लेबाजों को परेशान किया।
अद्यतन - मार्च 10, 2023 5:10 अपराह्न
![]()
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अच्छी शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से उस्मान ख्वाजा और कैमरून ग्रीन ने 200 रनों से ज्यादा की पार्टनरशिप की।
दरअसल इस सीरीज के पहले तीन मैचों में पिच से स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिली लेकिन इस मैच में अब तक बल्लेबाजों ने कमाल की पारी खेली है। बता दें पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ चार विकेट गिरे। लेकिन वहीं दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों का बोलबाला रहा। चौथे टेस्ट के दूसरे दिन रविचंद्रन अश्विन ने अपनी गेंदबाजी से ऑस्ट्रलियाई बल्लेबाजों को परेशान किया। जिसका नतीजा यह हुआ कि एक ही ओवर में ऑस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर कैमरून ग्रीन ने 5वें विकेट के लिए जोड़े 208 रन
दरअसल भारतीय कप्तान रोहित शर्मा कैमरून ग्रीन और उस्मान ख्वाजा के साझेदारी को तोड़ने के लिए बार बार गेंदबाज बदल रहे थे। उन्होंने 131वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन को गेंद थमाई। अश्विन ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से भारत को सफलता दिलाई।
बता दें अश्विन की गेंद लेग स्टंप के बाहर थी। कैमरून ग्रीन ने गेंद को स्वीप करने की कोशिश की लेकिन उनके ग्लव्स में लगकर गेंद विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों में चली गई। उन्होंने 114 रनों की पारी खेली और उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 208 रन जोड़े। बता दें यह भारत में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
कैमरून ग्रीन को आउट करने के बाद रविचंद्रन अश्विन ने उसी ओवर में एलेक्स कैरी को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। दरअसल ऑस्ट्रलियाई विकेटकीपर ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर बड़ा शॉट लगाना चाहा लेकिन गेंद धीमी थी, ऐसे में गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगकर हवा में चली गई। वहीं थर्ड मैन पर मौजूद अक्षर पटेल ने बड़ी आसानी से उस कैच को लपक लिया।