बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से किया गया सम्मानित
नागपुर और दिल्ली में खेले गए पहले दो टेस्ट मुकाबलों में जडेजा ने 2 प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किए।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 6:44 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई चार मुकाबलों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को एक साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से सम्मानित किया गया। बता दें, दोनों ही खिलाड़ियों ने इस सीरीज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
जहां एक तरफ रविचंद्रन अश्विन ने 5 पारियों में 25 विकेट झटके थे और 86 रन बनाए थे वहीं रवींद्र जडेजा ने 22 विकेट झटके थे। यही नहीं उन्होंने पांच पारियों में 135 रन भी जड़े। इन दोनों के इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने टेस्ट सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।
नागपुर और दिल्ली में खेले गए पहले दो टेस्ट मुकाबलों में जडेजा ने 2 प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किए। नागपुर टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 5 विकेट झटके जबकि दूसरी पारी में 2 विकेट अपने नाम किए। बल्लेबाजी में भी उन्होंने 70 रन का योगदान दिया जिसकी वजह से भारत ने इस मैच को एक पारी और 132 रन से जीता।
दूसरे टेस्ट में भी जडेजा ने दिया था महत्वपूर्ण योगदान
दिल्ली टेस्ट में जडेजा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 3 विकेट और दूसरी पारी में 7 विकेट अपने नाम किए जिसकी बदौलत मेजबान ने इस टेस्ट को 6 विकेट से जीता। इस मुकाबले में उन्होंने 26 रन भी बनाए थे।
भले ही भारत तीसरे टेस्ट को 9 विकेट से हार गया हो लेकिन भारत ने इंदौर टेस्ट में पहली पारी में 4 विकेट झटके। अश्विन की बात की जाए तो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी इतिहास में उन्होंने कुल 114 विकेट अपने नाम किए हैं और इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वो दूसरे नंबर पर है। पहले पर नाथन लियोन हैं जिन्होंने 116 विकेट हासिल किए हैं।
बता दें, भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में अपनी जगह बना चुका है। 7 जून से इस शानदार टूर्नामेंट के फाइनल की शुरुआत होगी। तमाम भारतीय फैंस यही उम्मीद कर रहे होंगे कि इस बार वो इस ट्रॉफी को जरूर अपने नाम करें।